सामाजिक और राजनीतिक मसलों पर टिप्पणी करने वाले जावेद अख्तर ने अब किसान आंदोलन को लेकर ट्वीट किया है। गीतकार जावेद ने अपने ट्वीट में किसान आंदोलन का जिक्र नहीं किया है, लेकिन उनकी टिप्पणी को किसान आंदोलन से जोड़कर देखा जा रहा है।
हबीब जालिब का शेर शेयर करते हुए जावेद अख्तर ने लिखा, ‘घेराव में थे हम सदियों से, हमें बचाने कोई न आया। एक दिन हमने घेरा डाला, हर जालिम ने शोर मचाया।’ जावेद अख्तर के इस ट्वीट की जहां कुछ लोगों ने तारीफ की तो कई लोगों ने उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया है।
Gherao mein hum thay sadioN say , humieN bachaanay koi na aaya / ik din hum nay ghera dala , her zaalim nay shor muchaya ( Habeeb Jalib )
— Javed Akhtar (@Javedakhtarjadu) December 9, 2020
यही नहीं कई यूजर्स ने जावेद अख्तर के सेकुलरिज्म पर भी सवाल उठाया है। नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में छिड़े आंदोलन का भी जावेद अख्तर ने समर्थन किया था। हालांकि राजनीतिक तौर पर मुखर रहने वाले जावेद अख्तर अकसर ट्रोल्स के निशाने पर आते रहे हैं।
एक ट्विटर यूजर ने जावेद अख्तर की पोस्ट पर जवाब देते हुए लिखा, ‘दूरदर्शी थे हबीब जालिब, मेदी सरकार के दिल की बात लिख गए। पर काश वो ये देख पाते कि ये किराये के जालिम इस मुल्क की तरक्की को थोड़ा बहुत कम तो कर सकते हैं, लेकिन रोक नहीं सकते।’
जावेद अख्तर ने सहिष्णुता को लेकर छिड़ी बहस के दौरान भी मौजूदा केंद्र सरकार हमला बोला था। इसी के चलते वे दक्षिणपंथी विचारधारा वाले लोगों के निशाने पर रहे हैं। बता दें कि जावेद अख्तर से पहले प्रियंका चोपड़ा, स्वरा भास्कर और ऋचा चड्ढा जैसी अभिनेत्रियां किसान आंदोलन का समर्थन कर चुकी हैं।
इसके अलावा पंजाबी स्टार दिलजीत दोसांझ ने तो आंदोलनकारियों के बीच जाकर उन्हें संबोधित भी किया था। यही नहीं उन्होंने 1 करोड़ रुपये डोनेट करने का भी ऐलान किया था।
किसान मूवमेंट पर टिप्पणी करने के चलते उनकी ऐक्ट्रेस कंगना रनौत से ट्विटर पर तीखी बहस भी हुई थी। बता दें कि जावेद अख्तर ने भी कंगना के खिलाफ मानहानि का केस किया है।