आईपीएल के पहले क्वालीफ़ायर में मुंबई ने दिल्ली को 57 रनों से हराकर फाइनल में एंट्री कर ली है। मुंबई की जीत में बल्लेबाज़ों और गेंदबाज़ों दोनों का लाजवाब प्रदर्शन देखने को मिला, लेकिन गेंदबाज़ी में कमाल किया जसप्रीत बुमराह ने जिन्होंने अपने चार ओवर में सिर्फ 14 रन देकर दिल्ली के 4 बल्लेबाजों को आउट किया।
इसी प्रदर्शन को देखते हुए बुमराह को ” मैन ऑफ़ द मैच चुना ” गया। दुबई में खेले गए इस मुकाबले में तेज़ गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह ने अपने नाम कई रिकार्ड्स किए। जसप्रीत बुमराह एक आईपीएल सीजन में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले भारतीय गेंदबाज बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड हैदराबाद के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार के नाम था, जिन्होंने एक सीजन में 26 विकेट चटकाए थे।
बुमराह ने नाम इस सीजन अब 14 मैचों में 27 विकेट हो गए हैं। इसी के साथ बुमराह के नाम इस सीजन में सबसे ज्यादा विकेट हो गए हैं और अब ये पर्पल कैप होल्डर बन गए हैं। बुमराह ने दिल्ली के खिलाफ अपने टी-20 करियर का सबसे बेहतरीन स्पेल डालते हुए अपने चार ओवर में सिर्फ 14 रन देते हुए 4 विकेट चटकाए, इस दौरान बुमराह ने एक मेडन ओवर में एकसाथ दो विकेट निकाले।
इसके अलावा मुंबई की तरफ से तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट ने टीम को बेहतरीन शुरुआत दिलाते हुए दिल्ली को पहले ही ओवर में दो झटके दिए।
बोल्ट ने दो ओवर में 9 रन देकर 2 विकेट चटकाए। आपको बता दें कि मुंबई इंडियंस ने दिल्ली के सामने 201 रनों का टारगेट रखा था, जवाब में दिल्ली की टीम आठ विकेट पर 143 रन ही बना पाई।