सीएसके आइपीएल 2020 के 10 लीग मुकाबलों में से 7 मैच गंवा चुकी है और उनकी प्लेऑफ में पहुंचने की संभावना धुंधली पड़ती नजर आ रही है। तीन जीत के साथ ये टीम अभी अंकतालिका में आखिरी नंबर पर है और टीम के सिर्फ 6 अंक हैं। टीम की इस स्थिति में पहुंचने के बाद भी टीम इंडिया के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान को ऐसा लगता है कि सीएसके अब भी प्लेऑफ में पहुंच सकती है।
इरफान पठान ने कहा क एम एस धौनी के पास एक ऐसी टीम है जो इस हालात में भी टूर्नामेंट में वापसी कर सकती है। उन्होंने एक शो के दौरान कहा कि, इस लीग में सातवें या फिर आठवें स्थान पर रहते हुए भी जो टीम वापसी कर सकती है वो सिर्फ और सिर्फ सीएसके ही है। उन्हें पता है कि खिलाड़ियों को किस तरह से मैनेज करना है और वो अपनी टीम के प्लेयर्स को काफी कंफर्ट देते हैं। मैं साल 2015 में सीएसके टीम का हिस्सा रह चुका हूं और मुझे पता है कि उनके लिए खिलाड़ी कितना महत्व रखते हैं।
इरफान ने कहा कि, इस फ्रेंचाइजी को पिछले 21-22 साल से क्रिकेट चलाना आता है। चेन्नई लीग में भी वो ऐसे ही टीम चलाते हैं। यहां पर प्लेयर्स की बात होती है कि आप जाएं खेले और हम आपको पूरी तरह से सपोर्ट करेंगे।पठान ने आगे कहा कि सीएसके का ये आइपीएल में 11वां सत्र है और अगर टीम प्लेऑफ तक नहीं पहुंचती है, तो यह पहला मौका होगा, जब सीएसके की टीम अगले राउंड तक नहीं पहुंचेगी।
इरफान पठान ने कहा कि, ये टीम काफी अच्छी रही है, लेकिन इस बार टीम में रैना व हरभजन के नहीं होने से काफी फर्क पड़ा है साथ ही साथ कुछ खिलाड़ी इंजर्ड भी हुए जिसका असर टीम पर ड़ा, लेकिन हमें अब भी उम्मीद है क्योंकि टीम में धौनी के तौर पर एक ऐसा कप्तान है जो किसी भी मुश्किल हालात से टीम को निकाल सकते हैं। आपको बता दें कि सीएसके के इस लीग के अपने 10वें मैच में राजस्थान के हाथों 7 विकेट से हार मिली थी और अब उनका अगला मुकाबला शुक्रवार को मुंबई इंडियंस के खिलाफ होगा।