आईपीएल में आज पहला क्वालीफ़ायर खेला जाना है। मुकाबला मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच होना है। इस मैच के विजेता को फाइनल में एंट्री मिल जाएगी। शुक्रवार को सनराइजर्स हैदराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बैंग्लोर के बीच एलिमिनेटर मैच खेला जायेगा। शुक्रवार को जो भी टीम हारेगी उसका इंडियन प्रीमियर लीग के 13वें सीजन में सफर खत्म हो जाएगा।
मुंबई के टॉप ऑर्डर में जहां क्विंटन डिकॉक और सूर्यकुमार यादव ने टीम के लिए अच्छी पारियां खेली हैं। वहीं, ईशान किशन और हार्दिक पांड्या ने मौका मिलने पर अपनी उपयोगिता लगातार साबित की है।

पोलार्ड ने निचले क्रम में हर साल की तरह इस बार टीम को वो मजबूती प्रदान की है। गेंदबाजी की बात करें तो जसप्रीत बुमराह और ट्रेंट बोल्ट की जोड़ी ने गेंद से कहर बरपाया है। जैम्स पैटिंसन और क्रुणाल पांड्या ने भी गेंद से टीम के लिए अच्छा काम किया है।
दिल्ली कैपिटल्स की टीम के लिए सबसे बड़ी समस्या उनका बैटिंग ऑर्डर रहा है। शिखर धवन को छोड़कर टीम को कोई भी बल्लेबाज निरंतरता के साथ प्रदर्शन करने में नाकाम रहा है। कप्तान श्रेयस अय्यर ने जरूर कुछ अच्छी पारियां खेली हैं, ऐसे में टीम इस मैच में उनसे बड़ी पारी की उम्मीद करेगी।

ऋषभ पंत का बल्ला भी इस सीजन एकदम खामोश नजर आया है। दिल्ली का मजबूत पक्ष उनकी गेंदबाजी रही है। कगीसो रबाडा और एनरिच नॉर्टजे ने नई गेंद के साथ विकेट निकाले हैं।
मैच भारतीय समयनुसार शाम 7:30 बजे दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है। दोनों टीमों के बीच कुल अबतक 26 मैच खेले गए हैं, जिसमें से 14 में जीत मुंबई इंडियंस को मिली है, जबकि 12 मैचों को दिल्ली कैपिटल्स ने अपने नाम किया है। इस सीजन खेले 2 मैचों में दोनों ही मैचों में मुंबई ने जीत हासिल की है।
दिल्ली कैपिटल्स (प्लेइंग इलेवन) : शिखर धवन, पृथ्वी शॉ, अजिंक्य रहाणे, श्रेयस अय्यर (कप्तान), ऋषभ पंत, मार्कस स्टोयनिस, अक्षर पटेल, रविचंद्रन अश्विन, डैनियल सैम्स, कगीसो रबाडा, एनरिच नॉर्टजे।
मुंबई इंडियंस (प्लेइंग इलेवन) : रोहित शर्मा (कप्तान), क्विंटन डिकॉक, सूर्यकुमार यादव, ईशान किशन, हार्दिक पांड्या, क्रुणाल पांड्या, कीरोन पोलार्ड, जसप्रीत बुमराह, ट्रेंट बोल्ट, जैम्स पैटिंसन, राहुल चाहर।