नयी दिल्ली : भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने अक्टूबर के अंत में दो नई आईपीएल घोषणा की थी। अहमदाबाद और लखनऊ के रूप में दो नई टीमों के साथ इनके मालिकाना हक रखने वाली कंपनी के नाम की घोषणा के एक महीने बाद भी बीसीसीआई आईपीएल मीडिया राइट्स टेंडर जारी नहीं कर सका है। लेकिन अब इसके लिए टेंडर अगले महीने में आने की उम्मीद है। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मीडिया अधिकार टेंडर में पहले से ही देरी हो रही है, इसके जारी होने में और समय लग सकता है। क्रिकबज के मुताबिक टेंडर जारी करने में लगातार हो देरी के कई कारण हो सकते हैं, जिससे भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) को लगभग 30 हजार करोड़ रुपए मिलने की उम्मीद है। इसका कारण 10वीं आईपीएल फ्रेंचाइजी को लेकर अनिश्चितता को माना जा रहा है। उल्लेखनीय है कि बीसीसीआई ने बीते दिनों एक बयान में कहा था कि सीवीसी स्पोर्ट्स ने अहमदाबाद फ्रेंचाइजी जीती है, लेकिन उसकी बोली में एक अड़चन आ गई है और इस कारण उसे अभी तक मंजूरी पत्र (लेटर ऑफ इंटेंट) जारी नहीं किया गया है।
बीसीसीआई के एक शीर्ष अधिकारी ने InsideSport.In को बताया- इन मामलों को लेकर चर्चा जारी है। इसके पूरे हो जाने पर आपको सूचित कर दिया जाएगा। हालांकि उन्होंने इस बात का खंडन भी किया कि, आईपीएल मीडिया राइट्स में देरी का इससे कुछ लेना देना है। उन्होंने कहा- हां, इसमें कुछ देरी हुई, लेकिन आईपीएल मीडिया राइट्स टेंडर जल्द जारी कर दिए जाएंगे।
बेशक बीसीसीआई अधिकारी ने इस बात का खंडन किया, लेकिन जानकारी के अनुसार बीसीसीआई के एक शीर्ष सदस्य अहमदाबाद टीम के मालिकाना हक सीवीसी कैपिटल (Irelia Company Pte Ltd) के पास होने के एकदम खिलाफ है। सीवीसी कैपिटल पर सट्टेबाजी कंपनी में निवेश करने का भी आरोप है।
वहीं बीसीसीआई के अन्य सदस्यों को लगता है कि टीम का मालिकाना हक सीवीसी कैपिटल के पास ही रहना चाहिए। उन्होंने शुरू में कई राउंड की जांच के बाद कंपनी को टीम के अधिकार दिए हैं।
जानकारी के अनुसार अहमदाबाद फ्रेंचाइजी के मालिकाना हक के लिए कंपनी ने औपचारिकताएं पूरी की है, लेकिन आईपीएल मीडिया राइट्स टेंडर में देरी की वजह भी यही है। इससे पहले बीसीसीआई ने Irelia Company Pte Ltd को अहमदाबाद टीम का मालिकाना हक जीतने वाली कंपनी के रूप में घोषित किया था। कंपनी ने 5626 करोड़ में टीम का मालिकाना हक खरीदा है। एक खेल बेवसाइट के पास उपलब्ध जानकारी के अनुसार- जब तक अहमदाबाद टीम के मालिकाना हक को लेकर अंतिम निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आईपीएल मीडिया राइट्स टेंडर जारी नहीं किए जाएंगे।