दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम आज दुबई में आमने-सामने होगी। दोनों ही टीमें शानदार फॉर्म में हैं और अब तक चार में से तीन में जीत हासिल की है।
अंक तालिका में भी दोनों ही टीमें क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर बनी हुई हैं। आज के मुकाबले में दोनों में से जो भी टीम जीतेगी वो शीर्ष पर पहुंच जाएगी।
विराट कोहली इंडियन प्रीमियर लीग के 13वें सत्र में रनों के संघर्ष कर रहे थे, लेकिन राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ उन्होंने न सिर्फ फॉर्म में वापसी की, बल्कि अपनी टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को जीत भी दिलाई। विराट का फॉर्म में लौटना अब दिल्ली कैपिटल्स के लिए खतरनाक हो सकता है, जिसे सोमवार को आरसीबी से भिड़ना है।
लीग के शुरुआती तीन मैचों में कोहली का बल्ला शांत था, लेकिन चौथे में कोहली ने नाबाद 72 रनों की पारी खेली थी और अपने पुरानी लय में दिखे थे।
एक बार फिर से देवदत्त पडीक्कल और आरोन फिंच ओपनिंग करते दिख सकते हैं। वहीं मध्यक्रम में विराट कोहली, एबी डिविलियर्स, शिवम दुबे, वाशिंगटन सुंदर, गुरकीरत मान दिख सकते हैं। गेंदबाजी में नवदीप सैनी, युजवेंद्र चहल, इसुरु उडाना, एडम जम्पा का खेलना भी लगभग तय है।
पडीक्कल ने तो चार में से तीन मैचों में अर्धशतक जमाया है। फिंच, डिविलियर्स भी रन कर रहे हैं। इन चारों के सामने दिल्ली का मजबूत गेंदबाजी क्रम है, जिसमें कैगिसो रबादा, एनरिक नोत्र्जे, रविचंद्रन अश्विन और अमित मिश्रा हैं।
दिल्ली के गेंदबाजों की कोशिश होगी कि वो इन चारों को जल्दी आउट करें क्योंकि वो जानते हैं कि इन चारों के बाद आरसीबी के पास कोई बड़ा नाम या मैच पलटने वाला खिलाड़ी नहीं है। वहीं, दिल्ली की बल्लेबाजी भी मजबूत है।
कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ युवा बल्लेबाज पृथ्वी शॉ ने 41 गेंदों पर 66, कप्तान श्रेयस अय्यर ने 38 गेंदों पर नाबाद 88 रनों की पारी खेलकर टीम को 228 रनों का विशाल स्कोर दिया था। रिषभ पंत और शिखर धवन ने भी अच्छी पारियां खेली थीं।