शानदार फॉर्म में चल रही मुंबई इंडियंस के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग के मैच में राजस्थान रॉयल्स के लिए काफी कठिन चुनौती होगी और अपने अभियान को फिर से हासिल करने के लिए वह अंतिम एकादश में बदलाव कर सकती है।

शारजाह में बल्लेबाजों की मददगार पिच पर शानदार शुरुआत करने के बाद दुबई और अबूधाबी में रॉयल्स का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है। पहले दो मैच वाले फॉर्म को वे दोहरा नहीं सके। दूसरी ओर मुंबई ने पिछले दो मैचों में शानदार प्रदर्शन किया है।
सुपर ओवर में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से मिली हार के बाद गत चैंपियन टीम ने शानदार वापसी करके किंग्स इलेवन पंजाब को 48 और सनराइजर्स हैदराबाद को 34 रन से हराया।
राजस्थान रॉयल्स
राजस्थान के कप्तान स्टीव स्मिथ ने पिछले मैच में हार के बाद बदलाव के संकेत दिए थे। ऐसे में आज युवा यशस्वी जायसवाल और कार्तिक त्यागी को मौका मिल सकता है। रॉयल्स की तरफ से यशस्वी और जोस बटलर पारी की शुरुआत कर सकते हैं। वहीं मध्यक्रम में स्टीव स्मिथ, संजू सैमसन, मनन वोहरा, राहुल तेवतिया, महिपाल लोमरोर दिख सकते हैं। गेंदबाजी में जोफ्रा आर्चर, श्रेयस गोपाल, टॉम करन और कार्तिक त्यागी मैदान में उतर सकते हैं।
मुंबई इंडियंस
मुंबई के सभी खिलाड़ी इस वक्त शानदार फॉर्म में दिख रहे हैं, ऐसे में टीम में शायद ही कोई बदलाव दिखे। एक बार फिर से क्विंटन डिकॉक और रोहित शर्मा पारी की शुरुआत करते दिख सकते हैं। वहीं मध्यक्रम में सूर्यकुमार यादव, इशान किशन, हार्दिक पांड्या, कीरोन पोलार्ड और क्रुणाल पांड्या मैदान में उतर सकते हैं। गेंदबाजी में ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह, राहुल चाहर और जेम्स पैटिंसन भी नजर आ सकते हैं।