मुंबई इंडियंस की टीम ने आइपीएल के 20वें मैच के दौरान राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेलते हुए एक कमाल का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। मुंबई की टीम की तरफ से इस मैच में राजस्थान के खिलाफ कुल 8 छक्के लगे और इन छक्कों की मदद से अब रोहित की टीम इस लीग में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाली टीम बन गई है।
इससे पहले आइपीएल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड आरसीबी के नाम पर था, लेकिन अब मुंबई पहले नंबर पर आ गई है।
आइपीएल में अब मुंबई इंडियंस के कुल 1156 छक्के हो गए हैं और वो सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाली टीम बन गई है तो दूसरे नंबर पर खिसकने वाली आरसीबी के नाम पर 1152 छक्के दर्ज हैं।
आइपीएल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में तीसरे नंबर पर 1008 छक्कों के साथ किंग्स इलेवन पंजाब तीसरी टीम है तो वहीं 1006 छक्कों के साथ चेन्नई सुपर किंग्स चौथे स्थान पर मौजूद है। 962 छक्कों के साथ कोलकाता पांचवें नंबर पर है।
राजस्थान के खिलाफ मुंबई की टीम ने 20 वें मुकाबले में 20 ओवर में 4 विकेट पर 193 रन बनाए। मुंबई की तरफ से इस पारी में कुल 8 छक्के लगे जिसमें कप्तान रोहित शर्मा ने तीन, सूर्यकुमार यादव ने दो जबकि डिकॉक, क्रुणाल पांड्या व हार्दिक पांड्या ने एक-एक छक्के लगाए।
मुंबई इंडियंस की तरफ से टीम के मध्यक्रम के बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने सबसे बड़ी पारी खेली और 47 गेंदों पर नाबाद 79 रन की पारी खेली। इसके अलावा रोहित शर्मा ने 35, क्विंटन डिकॉक ने 23 तो हार्दिंक पांड्या ने नाबाद 30 रन की पारी खेली।