कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ आइपीएल के 21वें मैच में ओपनिंग करने उतरे राहुल त्रिपाठी ने अपनी टीम के लिए काफी महत्वपूर्ण पारी खेली।
राहुल की पारी ने टीम के स्कोर को 167 तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई और सबसे कमाल की बात ये रही कि उन्होंने एक छोर को संभाले रखा जबकि दूसरी तरफ केकेआर के बल्लेबाज आते-जाते रहे। इस मैच में केकेआर का कोई भी बल्लेबाज राहुल के अलावा 20 रन के स्कोर तक भी नहीं पहुंच पाया।
केकेआर के खिलाफ एक तरफ जहां सीएसके के गेंदबाज कहर बरसा रहे थे तो वहीं वो बड़ी ही दिलेरी के साथ उन गेंदबाजों का सामना कर रहे थे। उन्होंने 51 गेंदों पर 81 रन की पारी खेली जिसमें 8 चौके व 3 छक्के शामिल थे।
उनका स्ट्राइक रेट 158.82 का रहा। वहीं इस टीम में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में दूसरे नंबर पर सुनील नरेन व पैट कमिंस रहे और इन दोनों के बल्ले से 17-17 रन निकले। कमिंग 17 रन बनाकर नाबाद रहे।
राहुल त्रिपाठी ने इस मैच में टीम के लिए ओपन किया और उन्होंने अपना विकेट 17वें ओवर की पांचवीं गेंद पर गंवाया। उन्हें डीजे ब्रावो ने शेन के हाथों कैच करवा दिया और वो जिस वक्त आउट हुए उस समय टीम का स्कोर 160 रन था।
केकेआर की तरफ से शुभमन गिल 11 रन, नीतिश राणा 9 रन, सुनील नरेन 17 रन, इयोन मोर्गन 7 रन, आंद्र रसेल 2 रन, कप्तान दिनेश कार्तिक 12 रन, पैट कमिंस नाबाद 17 रन, वरुण चक्रवर्ती एक रन बनाए जबकि कमलेश नागरकोटी व शिवम मावी अपना खाता भी नहीं खोल पाए।