सनराइजर्स हैदराबाद के तूफानी ओपनर बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो ने आइपीएल 2020 के 22वें मैच में किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ शानदार शतक लगाने से चूक गए।
बेयरस्टो इस मैच में 6 छक्कों व 7 चौकों की मदद से 55 गेंदों पर 97 रन की पारी खेली और उनका स्ट्राइक रेट 176.36 का रहा। वो रवि बिश्नोई की गेंद पर LBW आउट हुए।
जॉनी बेयरस्टो ने इस मैच में डेविड वार्नर के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 160 रन की साझेदारी करके टीम को बेहद मजबूत शुरुआत दी। वार्नर ने भी 52 रन की पारी खेली और आउट हो गए। ये आइपीएल में 50वां मौका था जब वार्नर ने 50 रन से ज्यादा की पारी खेली और ये अपने आप में एक बड़ा रिकॉर्ड है।
वार्नर और बेयरस्टो के बीच ये दूसरा मौका था जब दोनों के बीच 150 से ज्यादा की साझेदारी की। आइपीएल इतिहास में पहली बार किसी जोड़ी ने दो बार 150 से ज्यादा की साझेदारी करने का कमाल किया। वहीं दोनों के बीच इस लीग में पांचवीं बार शतकीय साझेदारी हुई।
बेयरस्टो इस मैच में पूरी लय में दिख रहे थे, लेकिन वो शतक से चूक गए और 97 रन पर आउट हो गए। आइपीएल में वो 97 रन पर आउट होने वाले दूसरे खिलाड़ी बने।
इससे पहले रिषभ पंत गुजरात लायंस के खिलाफ इस लीग में 97 रन पर आउट हो चुके हैं। इसके अलावा डेविड वार्नर व जॉनी बेयरस्टो की जोड़ी ने ओपनिंग पेयर के तौर पर इस लीग में 1000 रन पूरे कर लिए और आइपीएल में ओपनिंग पेयर के तौर पर 1000 से ज्यादा रन बनाने वाले सातवें जोड़ीदार बन गए।