आईपीएल 2019 में मांकडिंग की वजह से विवादों में रहे रविचंद्रन अश्विन एक बार फिर से इसे लेकर चर्चा में हैं।
यूएई में खेले जा रहे आईपीएल के 13वें सीजन के 19वें मैच में अश्विन ने आरसीबी के बल्लेबाज आरोन फिंच को मांकडिंग से आउट करने का इशारा किया। लेकिन शायद कोच रिकी पोंटिंग की हिदायत की वजह से उन्होंने इसे अंजाम नहीं दिया और फिंच को जीवनदान दे दिया।
हालांकि मैच के बाद अश्विन ने मांकडिंग को लेकर अपने इरादे जाहिर कर दिए और बाकी टीमों को चेतावनी भी दे डाली। दिल्ली की तरफ से खेल रहे इस अनुभवी स्पिन गेंदबाज ने अपने ट्विटर अकाउंट से लिखा, ‘स्पष्ट कर दूं !! 2020 के लिए पहली और अंतिम चेतावनी।
Let’s make it clear !! First and final warning for 2020. I am making it official and don’t blame me later on. @RickyPonting #runout #nonstriker @AaronFinch5 and I are good buddies btw.😂😂 #IPL2020
— Mask up and take your vaccine🙏🙏🇮🇳 (@ashwinravi99) October 5, 2020
मैं इसे आधिकारिक बना रहा हूं और बाद में मुझे दोष नहीं देना।’ उन्होंने अपनी इस ट्वीट में कोच रिकी पोंटिंग को भी टैग किया। साथ ही फिंच को टैग करते हुए लिखा कि हम अच्छे दोस्त हैं।
दरअसल सोमवार को दुबई में खेले गए मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम दिल्ली के 196 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही थी। तीसरे ओवर की पांचवीं गेंद पर देवदत्त पडीक्कल बल्लेबाजी कर रहे थे और आरोन फिंच गेंदबाजी छोर पर खड़े थे। वहीं गेंद अश्विन के हाथों में थी।
अश्विन जैसे ही गेंदबाजी करने के लिए आगे बढ़े, आरोन फिंच क्रीज से काफी बाहर चले गए। लेकिन अश्विन ने गेंद नहीं फेंकी और रुककर फिंच को देखने लगे।
अश्विन चाहते तो मांकडिंग नियम के तहत फिंच को आउट कर सकते थे लेकिन इस बार उन्होंने ऐसा नहीं किया।
अश्विन के इस कदम को देखकर हर कोई हैरान रह गया और दिल्ली के कोच रिकी पोंटिंग समेत सभी के चेहरे पर मुस्कान आ गई।