1. हिन्दी समाचार
  2. देश
  3. सोनिया गांधी के संप्रभुता वाले बयान पर बीजेपी तल्ख, EC से पार्टी की मान्यता रद्द करने की मांग

सोनिया गांधी के संप्रभुता वाले बयान पर बीजेपी तल्ख, EC से पार्टी की मान्यता रद्द करने की मांग

सोनिया गांधी के संप्रभुता वाले बयान पर केंद्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव ने आरोप लगाया है कि कर्नाटक में चुनाव प्रचार के दौरान सोनिया गांधी ने संप्रभु शब्द का जानबूझकर प्रयोग किया था।

By RNI Hindi Desk 
Updated Date

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के खिलाफ इलेक्शन कमीशन में शिकायत दर्ज की है। उन्होंने EC से कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के खिलाफ कार्रवाई करने और चुनाव प्रचार के दौरान कर्नाटक के लिए ‘संप्रभुता’ शब्द के इस्तेमाल पर उनकी पार्टी की मान्यता रद्द करने की मांग की। दरअसल कांग्रेस पार्टी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर ट्वीट कर लिखा कि ‘6.5 करोड़ कर्नाटक वासियों के लिए कांग्रेस संसदीय बोर्ड की अध्यक्ष सोनिया गांधी का कड़ा संदेश है’। ‘कांग्रेस कर्नाटक की साख, संप्रभुता और अखंडता पर कभी आंच नहीं आने देगी’। इसी बयान पर बीजेपी का एक शिष्टमंडल केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, जितेंद्र सिंह और पार्टी नेता अनिल बलूनी के नेतृत्व में सोमवार को चुनाव आयोग से मिला और सोनिया गांधी पर कार्रवाई की मांग की। पार्टी नेता तरुण चुग ने बताया कि संप्रभु एक राष्ट्र होता है, राज्य नहीं। बीजेपी ने कहा, कि कर्नाटक भारत संघ में एक महत्वपूर्ण सदस्य राज्य है और भारत संघ के सदस्य राज्य की संप्रभुता की रक्षा करने का कोई भी आह्वान अलगाव के आह्वान के समान है। केंद्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव ने आरोप लगाया है कि कर्नाटक में चुनाव प्रचार के दौरान सोनिया गांधी ने संप्रभु शब्द का जानबूझकर प्रयोग किया था। यह भारत को कमजोर करने का टुकड़े-टुकड़े गैंग का एजेंडा है। उन्होने नसीहत देते हुए कहा कि भारत की एकता और अखंडता के लिए जिन शब्दों का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए कांग्रेस पार्टी उनका इस्तेमाल कर रही है। बीजेपी ने कहा कि जनप्रतिनिधि कानून के तहत चुनाव आयोग में रजिस्ट्रेशन के लिए पार्टी एक हलफनामा देती है कि वह राष्ट्र की एकता अखंडता और संप्रभुता के प्रति समर्पित है जबकि सोनिया गांधी का संप्रभुता वाला बयान इसका उल्लंघन करता है।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...