भारत और ऑस्ट्रेलिया-ए के बीच कल से दूसरा डे नाइट अभ्यास मैच शुरू हुआ। मैच के पहले ही दिन बहुत कुछ हुआ। बूम बूम बुमराह जोकि गेंदबाज़ी के लिए जाने जाते हैं उन्होंने कल बल्ले से कमाल दिखाते हुए शानदार पचासा जड़ दिया।
बुमराह ने आक्रामक अंदाज में बैटिंग की और 57 गेंदों पर नाबाद 55 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 6 चौके और 2 छक्के भी लगाए।
भारतीय टीम 123 रन पर नौ विकेट गंवाने के बाद एक समय पर मुश्किल में नजर आ रही थी, लेकिन बुमराह ने मोहम्मद सिराज के साथ मिलकर अंतिम विकेट के लिए 71 रन की साझेदारी कर टीम को कुल 194 तक पहुंचाया।
प्रथम श्रेणी क्रिकेट में यह बुमराह की पहली फिफ्टी है। भारतीय टीम 48.3 ओवर में 194 रन ऑलआउट हो गई। भारतीय मध्यक्रम कुछ खास नहीं कर पाया। रहाणे 4, रिद्धिमान साहा 00 और ऋषभ पंत 5 रन बनाकर आउट हुए जबकि, शुभमन गिल ने 43 रन बनाए। पृथ्वी शॉ भी कुछ खास नहीं कर पाए। शॉ ने केवल 29 गेंदों पर 40 रनों की पारी खेली जिसमें आठ चौके शामिल थे।
बुमराह ने दूसरे अभ्यास मैच के पहले दिन 9 ओवर में 33 रन दिये और 2 विकेट चटकाए। ऑस्ट्रेलिया ए अभ्यास मैच के पहले दिन 32.2 ओवर में 108 रन पर सिमट गई। भारतीय टीम ने 86 रनों की बढ़त बना ली है। शमी और सैनी ने 3-3 विकेट चटकाए, जबकि मोहम्मद सिराज के हाथ एक सफलता लगी।