न्यूजीलैंड के खिलाफ वनड़े सीरीज 3-0 से गंवाने के बाद भारतीय टीम के बल्लेबाजों ने एक बार फिर से टीम को निराश किया है। 21 फरवरी से शुरू हो रही 2 टेस्ट मैचों की सीरीज से पहले भारतीय टीम हेमिल्टन में न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन दिवसीय अभ्यास मैच के पहले दिन अपनी पहली पारी में 263 रनों पर सिमट गई।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया की शुरूआत एक बार फिर से खराब रही। सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ (0) और मयंक अग्रवाल 1 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद शानदार फॉर्म में चल रहे शुभमन गिल भी कुछ नहीं कर सके और शून्य के स्कोर पर आउट हो गए। भारत ने महज 5 रनों पर अपने 3 विकेट खो दिए।

अजिंक्य रहाणे भी ज्यादा देर तक पिच पर टिक नहीं पाए 18 रन बनाकर चलते बने। अब भारत ने 38 रनों पर अपने चार शीर्ष बल्लेबाजों को खो दिया। इसके बाद पांचवें विकेट के लिए टेस्ट विशेषज्ञ चेतेश्वर पुजारा और उपयोगी ऑलराउंडर हनुमा विहारी ने 195 रनों की साझेदारी की।

पुजारा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 92 रन बनाए, हालांकी पुजारा शतक से चूक गए। जबकि दूसरे बल्लेबाज हनुमा विहारी 101 रन बनाकर रिटायर्ड आउट हुए। न्यूजीलैंड की ओर से तेज गेंदबाज स्कॉट कुग्गेलैन और लेग स्पिनर ईश सोढ़ी ने 3-3 विकेट झटके।