छिंदवाड़ा जिले में भीषण गर्मी और नौतपा के बीच ग्राम रोहना कला स्थित दादा धूनी वाले मंदिर में टीकाराम बाबा पिछले कई वर्षों से अनोखी साधना कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि बाबा पिछले लगभग 15 वर्षों से हर साल नौतपा के दौरान इसी तरह जनकल्याण की कामना से तपस्या कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, बाबा प्रतिदिन दोपहर 11 बजे से 3 बजे तक अग्निकुंड प्रज्वलित कर उसके बीच बैठकर साधना करते हैं। इस दौरान तापमान लगभग 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है, लेकिन इसके बावजूद उनकी साधना लगातार जारी रहती है।
टीकाराम बाबा का कहना है कि वे यह साधना बचपन से मिले एक प्रेरणादायक अनुभव के बाद जनसेवा और देशहित की भावना से कर रहे हैं। उनका उद्देश्य समाज और देश के कल्याण की कामना करना है।
यह साधना 3 तारीख तक इसी तरह जारी रहेगी। बाबा को देखने और आशीर्वाद लेने के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु रोहना कला गांव पहुंच रहे हैं, जिससे मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ बनी हुई है।