त्योहारी सीजन से पहले सरकार ने आम आदमी और व्यापारी वर्ग को राहत देने के लिए GST में बड़े बदलाव किए हैं। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अगुवाई वाली जीएसटी काउंसिल ने टैक्स सुधार करते हुए पुराने चार स्लैब को खत्म कर दिया और अब केवल दो स्लैब 5% और 18% रह गए हैं। साथ ही, कई जरूरी सामान को टैक्स फ्री किया गया है। इसका सीधा असर ग्राहकों पर पड़ेगा और बाजार में खरीदारी की गति बढ़ेगी।
जीएसटी में कटौती 22 सितंबर यानी नवरात्रि से लागू होगी, लेकिन इसका असर पहले ही बाजार में दिखने लगा है। कार, बाइक, एफएमसीजी सेक्टर और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म ने अपने प्रोडक्ट की कीमतों में कटौती शुरू कर दी है। कुछ कंपनियां जल्द ही और भी प्रोडक्ट्स को सस्ते दाम पर उपलब्ध कराने की तैयारी कर रही हैं। ई-कॉमर्स कंपनियों का मानना है कि जीएसटी में हुए बदलाव से न केवल उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा, बल्कि ऑनलाइन खुदरा विक्रेताओं को भी मांग में तेजी की उम्मीद है।
अमेजन इंडिया के वाइस प्रेसिडेंट सौरभ श्रीवास्तव के अनुसार, नई दरों के बाद ग्राहक खरीदारी को लेकर उत्साहित हैं। त्योहारी सीजन में अधिक बिक्री की संभावना को देखते हुए, अमेजन इंडिया 23 सितंबर से ग्रेट इंडियन फेस्टिवल सेल आयोजित करेगी। प्राइम सदस्यों के लिए यह सेल 22 सितंबर से शुरू होगी। इस दौरान 10 लाख से अधिक प्रोडक्ट बुकिंग के 24 घंटे के अंदर और 40 लाख से ज्यादा प्रोडक्ट 24-48 घंटे के अंदर ग्राहकों तक पहुंचाए जाएंगे। इसके लिए देशभर में एक से डेढ़ लाख युवाओं को ट्रेनिंग दी गई है। पर्यावरण सुरक्षा के मद्देनजर, 500 शहरों में 10,000 से अधिक इलेक्ट्रिक व्हीकल्स के माध्यम से डिलीवरी की जाएगी।
नई GST दरों के अंतर्गत कई जरूरी और रोजमर्रा के सामान सस्ते हो गए हैं। इसमें घी, पनीर, छेना, होम अप्लायंसेस, एसी, इलेक्ट्रिकल उपकरण, छोटी कारें, मेडिकल से जुड़ी चीजें और कई जीवन रक्षक दवाएं शामिल हैं। वित्त मंत्री ने कहा कि अब टैक्स ढांचा सरल होगा और बार-बार बदलाव की जरूरत नहीं पड़ेगी।
GST में कटौती से त्योहारी सीजन में उपभोक्ता खर्च बढ़ेगा, जिससे अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही ई-कॉमर्स कंपनियों और खुदरा विक्रेताओं को बिक्री में इजाफा देखने को मिलेगा। कंपनियां ग्राहकों को बेहतर सेवाएं देने के लिए नई रणनीतियों को लागू कर रही हैं और त्योहारी सीजन में तेजी से डिलीवरी सुनिश्चित करने की तैयारी कर रही हैं।