आईपीएल 2020 का एलिमिनेटर मुकाबला हैदराबाद और बैंगलोर के बीच हुआ। इस मुकाबले में सनराइज़र्स हैदराबाद ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को 6 विकेट से हरा दिया। इसी जीत के साथ हैदराबाद फाइनल से एक कदम दूर रह गई है बस। हैदराबाद का मुकाबला अब दिल्ली से क्वालीफ़ायर-2 में होगा। इस मुकाबले में जो टीम जीतेगी उसका मुकाबला फाइनल में मुंबई से होगा।
हैदराबाद की जीत के हीरो रहे बल्लेबाज़ केन विलियमसन जिन्होंने 44 गेंदो में 50 रनों की मैच विनिंग पारी खेली। अर्धशतकीय पारी में उन्होंने दो चौके और दो छक्के जड़े।

टॉस जीतकर हैदराबाद ने बैंगलोर को बल्लेबाज़ी का न्योता दिया। बल्लेबाज़ी करने उतरे कप्तान विराट कोहली और देवदत्त पडीक्कल। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की शुरुआत बेहद खराब रही। दूसरे ही ओवर में कप्तान विराट कोहली सिर्फ छह रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद चौथे ओवर में 15 रनों के स्कोर पर देवदत्त पडिकल भी एक रन बनाकर पवेलियन लौट गए। 15 रनों पर दो विकेट गिर जाने के बाद आरोन फिंच और एबी डिविलियर्स ने 41 रनों की साझेदारी की। बेहतरीन टच में दिख रहे फिंच 30 गेंदो में 32 रन बनाकर आउट हुए।
फिंच के आउट होने के बाद आरसीबी के विकेट गिरते चले गए। मोइन अली (00), शिवम दुबे (08) और वाशिंग्टन सुंदर (05) रन बनाकर आउट हो गए, हालांकि एक तरफ से एबी डिविलियर्स ने छोर संभाले रखा। डिविलियर्स के अर्धशतक की बदौलत बैंगलोर ने हैदराबाद को 132 रनों का लक्ष्य दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरे हैदराबाद के कप्तान डेविड वार्नर 17 और मनीष पांडेय 24 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।इसके बाद आए प्रियम गर्ग भी 14 गेंदो में सिर्फ सात रन बनाकर चलते बने। केन विलियमसन एक छोर से बल्लेबाज़ी करते रहे। विलियमसन ने 44 गेंदो में नाबाद 50 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने दो चौके और दो छक्के भी जड़े। वहीं जेसन होल्डर भी 20 गेंदो में 24 रन बनाकर नाबाद रहे। जेसन होल्डर ने 2 गेंदों पर 2 चौके लगाकर मैच जीत लिया।

हैदराबाद की तरफ से जेसन होल्डर ने कमाल की गेंदबाजी की। उन्होंने अपने चार ओवर में सिर्फ 25 रन देकर तीन विकेट झटके। इसके अलावा टी नटराजन को दो और शाहबाज नदीम को एक सफलता मिली।