भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सीरीज का दूसरा टेस्ट मेलबर्न क्रिकेट ग्राउडं में खेला जा रहा है। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ने 6 विकेट खोकर 133 रन बना लिए। इस समय ऑस्ट्रेलिया के पास सिर्फ 2 रन की बढ़त है। दिन की शुरुआत में भारतीय टीम 326 रन पर ऑलआउट हो गई। इस तरह भारत के पास 131 रनों की बढ़त हो गई।
दूसरे दिन शतकीय पारी खेलने वाले अजिंक्य रहाणे मैच के तीसरे दिन रन आउट के रूप में पवेलियन लौटे। रहाणे रिस्की रन लेने के चक्कर में 112 रन के निजी स्कोर पर रन आउट हो गए। भारत को दिन का दूसरा और पारी का सातवां झटका रवींद्र जडेजा के रूप में लगा जो 57 रन बनाकर मिचेल स्टार्क की गेंद पर कमिंस के हाथों कैच आउट हुए।
इसके बाद भारतीय टीम जल्द ही ऑलआउट हो गई और 131 रनों से आगे हो गई। दूसरी पारी में खेलने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती चली गई।
टीम को पहला झटका जो बर्न्स के रूप में लगा जो 4 रन बनाकर उमेश यादव की गेंद पर रिषभ पंत के हाथों कैच आउट हुए। कंगारू टीम को दूसरा झटका मार्नस लबुशेन के रूप में लगा जो 28 रन बनाकर अश्विन की गेंद पर अजिंक्य रहाणे के हाथों कैच आउट हुए।
तीसरा विकेट स्टीव स्मिथ के रूप में लगा जो 8 रन बनाकर आउट हो गए। ऑस्ट्रेलिया को चौथा झटका मैथ्यू वेड के रूप में लगा जो 40 रन बनाकर रवींद्र जडेजा की गेंद पर एलबीडब्लू आउट हुए। 5वां विकेट ट्रेविस हेड के रूप में गिर जो 17 रन बनाकर मोहम्मद सिराज की गेंद पर मयंक अग्रवाल के हाथों कैच आउट हुए। छठवां झटका कप्तान टिम पेन के रूप में लगा जो 1 रन बनाकर रवींद्र जडेजा की गेंद पर पंत के हाथों कैच आउट हुए।
इसके बाद ऑस्ट्रेलिया को दिन खत्म होने तक कोई झटका नहीं लगा। पैट कमिंस 15 और कैमरॉन ग्रीन 17 रन बनाकर नाबाद लौटे हैं।