एफआईएच प्रो लीग में शनिवार को खेले गए मैच में भारत ने बेल्जियम पर जीत दर्ज की। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने अपनी शानदार फॉर्म जारी रखते हुए विश्व चैंपियन बेल्जियम को 2-1 से हराकर उलटफेर किया और एफआईएच प्रो लीग में लगातार तीसरी जीत दर्ज की। एफआईएच प्रो लीग के शुरुआती दो मैचों में दुनिया की तीसरे नंबर की टीम नीदरलैंड को हराने के बाद भारत ने यहां कलिंग स्टेडियम में हुए रोमांचक मुकाबले में दुनिया की नंबर एक टीम बेल्जियम को शिकस्त देकर जीत की लय जारी रखी।

भारत की तरफ से मंदीप सिंह ने मैच के दूसरे ही मिनट में गोल करके भारतीय टीम को 1-0 की बठत दिलाई। लेकिन भारतीय टीम इस बढत को ज्यादा देर तक जारी नही रख पाई। बेल्जियम के गौतियर बोकार्ड 33वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर ताकतवर ड्रैग फ्लिक से मैच को 1-1 की बराबरी पर कर दिया। जिसके बाद भारत के रमनदीप सिंह ने मैच के 47वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर से गोल करके भारत को जीत दिलाई।
भारतीय गोलकीपर पीआर श्रीजेश ने कहा, ‘हमने अच्छी शुरूआत की और कड़ी मेहनत की। हमें अपने डिफेंस पर गर्व है। जिसके बाद बेल्जियम के कप्तान थामस ब्राइल्स ने कहा, ‘यह मुश्किल मैच था और भारत से उसकी सरजमीं पर खेलना कभी भी आसान नहीं होता। हम अपने मौकों का फायदा नहीं उठा सके। कई मौके ऐसे रहे हैं जिसमें पेनल्टी कॉर्नर ने हमें बचाया है लेकिन आज भारतीय गोलकीपर अद्भुत था और उम्मीद करते हैं कि कल हम इसका बदला चुकता कर सकेंगे।’