आईपीएल के 13वें सीजन में बॉलिंग न करने वाले ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले मैच में भी भारत के लिए गेंदबाजी नहीं की। हालांकि, उन्होंने इस मैच में 76 गेंदो में ताबड़तोड़ 90 रन बनाए। मैच के बाद पांड्या ने बताया कि वह गेंदबाजी करना कब शुरू करेंगे।
मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में हार्दिक पांड्या ने कहा – ” मैं अपनी गेंदबाजी पर काम कर रहा हूं। जब सही समय आएगा, तब मैं गेंदबाजी करूंगा। दरअसल, मैं अपनी गेंदबाजी में 100 प्रतिशत देना चाहता हूं। मैं उस स्पीड से गेंदबाजी करना चाहता हूं, जो इंटरनेशनल लेवल के लिए जरूरी है। हम आगे के बारे में सोच रहे हैं। हम टी20 विश्व कप और अन्य महत्वपूर्ण टूर्नामेंट के बारे में सोच रहे हैं जहां मेरी गेंदबाजी ज्यादा अहम होगी। ”
उन्होंने कहा – ” जब आप पांच गेंदबाजों के साथ उतरते हो तो यह हमेशा मुश्किल होगा, क्योंकि अगर किसी का दिन अच्छा नहीं होगा तो उसकी भूमिका को भरने के लिये आपके पास कोई नहीं होगा। चोट से ज्यादा यह छठे गेंदबाजी की भूमिका के बारे में है। अगर किसी का दिन अच्छा नहीं है तो इससे अन्य गेंदबाजों को मदद मिलेगी। ”
आपको बता दें कि ऑस्ट्रेलिया ने इस मैच में पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 50 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 374 रन बनाए थे। इसके जवाब में भारतीय टीम निर्धारित ओवरों में आठ विकेट के नुकसान पर 308 रन ही बना सकी।