ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लिमिटिड ओवर सीरीज में हार्दिक पांड्या शानदार फॉर्म में हैं। पांड्या ने तीन वनडे और दो टी-20 में 89.33 की औसत से 268 रन बनाए हैं और उनके इस प्रदर्शन से उन्हें टेस्ट टीम में चुने जाने के मौके बढ़ा दिए हैं।
पांड्या फिलहाल चार मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम का हिस्सा नहीं हैं। सोशल मीडिया पर पांड्या को टेस्ट टीम में शामिल करने की आवाज उठ रही है। 27 वर्षीय पांड्या को केवल सीमित ओवरों की सीरीज के लिए ही भारतीय टीम में चुना गया है।
पूर्व भारतीय बल्लेबाज मोहम्मद कैफ ने ट्विटर पर कहा – ” 90 के औसत के साथ पांड्या सीमित ओवर के क्रिकेट में विराट कोहली के बाद भारत के प्रमुख बल्लेबाज के तौर पर उभरे हैं। समय आ गया है कि हार्दिक को टेस्ट टीम में शामिल किया जाए। उनकी इस शानदार फॉर्म के चलते उन्हें आस्ट्रेलिया में रोका जाना चाहिए। ”
दूसरे टी-२० के बाद पांड्या ने कहा था कि – ” यह एक अलग मैच है। मैं टेस्ट में खेलने से इनकार नहीं करूंगा, लेकिन पहले ही टेस्ट की घोषणा की जा चुकी है, इसलिए इस बारे में मैं अब ज्यादा कुछ नहीं कर सकता। “