भारतीय क्रिकेट के दो सितारों के बीच ट्विटर पर मस्ती मजाक करते हुए देखा गया। जी हाँ, ये दो खिलाड़ी थे पूर्व भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह और पूर्व क्रिकेटर से कॉमेंटेटर बने मोहम्मद कैफ। दरअसल, भारत की ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार के बाद मोहम्मद कैफ ने अंग्रेजी में एक ट्वीट किया था। जिसे लेकर हरभजन सिंह ने उन्हें ट्रोल कर दिया।
हार के बाद मोहम्मद कैफ ने ट्वीट किया था – ” 36/9 ऐडिलेड में चमकदार धूप में ये देखने को मिला, ना कि शाम के समय जब लाइट जलनी शुरू होती है। शाम के समय को लेकर प्लेयर्स डरे हुए थे, लेकिन इंडियन टीम ने इतना खराब प्रदर्शन सुबह के समय किया। ”
उन्होंने आगे लिखा – ” नेट्स पर या लिमिटेड ओवर के गेम में आप चाहे जितना खेल लें लेकिन टेस्ट के लिए आप तैयार नहीं हो सकते। लाल या गुलाबी गेंद से बल्लेबाजी सही तकनीक के साथ-साथ आपके स्वभाव पर भी निर्भर करता है। ”
उनके इस ट्वीट पर पूर्व भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह ने मजे लेते हुए लिखा – ” भाई साहब इतनी अंग्रेजी। ” हरभजन के ये ट्वीट करते ही फैंस भी चालू हो गए और एक के बाद एक ट्वीट करने लगे। एक फैन ने लिखा – ” पाजी आप भी उन्हें अंग्रेजी में ही जवाब दीजिए। ”
आपको बता दें कि एडिलेड में खेले गए पहले डे-नाईट टेस्ट में भारतीय टीम ने पहली पारी में 244 रन बनाए थे। ऑस्ट्रेलियाई टीम अपनी पहली पारी में सिर्फ 191 रन ही बना सकी थी। पहली पारी में 53 रनों की बढ़त हासिल करने के बाद भी दूसरी पारी में टीम इंडिया सिर्फ 36 रन पर ढेर हो गई और ऑस्ट्रेलिया को तीसरे दिन जीत के लिए 90 रनों का आसान सा लक्ष्य मिला, जिसे ऑस्ट्रेलिया ने दो विकेट खोकर हासिल कर लिया था और आठ विकेट से मैच अपने नाम कर लिया था।