श्योपुर जिले के कराहल क्षेत्र में द्रोपदी गुर्जर हत्याकांड के मामले में पुलिस कार्रवाई में देरी को लेकर गुर्जर समाज में आक्रोश देखने को मिला। मामले के जल्द खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर समाजजनों ने कराहल थाने के बाहर धरना प्रदर्शन किया।
धरना प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में समाज के लोग कराहल थाने के बाहर एकत्रित हुए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मामले में लगातार देरी से पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिल पा रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट रूप से मांग रखी कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक को मौके पर बुलाया जाए और उनसे ही वार्ता की जाए। साथ ही उन्होंने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले का खुलासा करने की मांग की।
धरने पर बैठे लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। समाजजनों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और शीघ्र न्याय सुनिश्चित करने की अपील की।