भारत में आज सुबह हजारों यूजर्स को Google सेवाओं में बड़ी तकनीकी दिक्कत का सामना करना पड़ा। कई लोगों को सर्च करते समय “Server Error” मैसेज दिखाई दिया, जिससे कामकाज और ऑनलाइन गतिविधियों पर असर पड़ा।
आउटेज ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म Downdetector के अनुसार सुबह करीब 10:23 बजे तक 3,300 से अधिक शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें लगभग 57% यूजर्स ने सर्च से जुड़ी समस्या बताई, जबकि 28% लोगों ने कंटेंट लोड न होने की शिकायत की। वहीं 11% यूजर्स ने वेबसाइट एक्सेस में दिक्कत बताई।
Google के डाउन होने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर यूजर्स की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। कई लोगों ने लिखा कि यह घटना बेहद दुर्लभ है और इससे पहले ऐसा अनुभव काफी समय पहले हुआ था। कुछ यूजर्स ने इसे किसी बड़ी तकनीकी समस्या या सिस्टम फेलियर से भी जोड़कर देखा।
आमतौर पर स्थिर मानी जाने वाली Google सेवाओं में आई इस गड़बड़ी ने यूजर्स को हैरान कर दिया। हालांकि अभी तक कंपनी की ओर से आउटेज के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।