भारत में कोरोना वायरस के खतरें को देखते हुए लॉकडाउन को नियमित रुप से बढ़ाया जा रहा है। अब भारत में लॉकडाउन 4.0 शुरु हो चुका है। जिसमें खेल जगत के लिए अच्छी खबर सामने आई है। बता दे, इस लॉकडाउन 4.0 में खेल की गतिविधियां शुरु हो सकती है।
खेल मंत्री किरेन रिजिजू ने सोमवार को स्पष्ट किया कि खेल परिसर औऱ स्टेडियम में खेल गतिविधियां गृह मंत्रालय और संबंधित राज्य सरकार द्वारा जारी किए गए नियमों के तहत चालू की जाएंगी। हालांकि रिजिजू ने साफ किया है कि जिम और पूल के इस्तेमाल पर पूरी तरह से पाबंदी रहेगी।
रिजिजू ने ट्वीट किया, ‘मैं खिलाड़ियों और खेल से जुड़े सभी लोगों को यह बताते हुए खुश हूं कि खेल गतिविधियां स्टेडियमों और स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्सेस में गृह मंत्रालय और संबंधित राज्य सरकार द्वारा जारी की गई गाइडलाइंस के तहत चालू की जाएंगी।
रिजिजू ने पहले कहा था कि जो खिलाड़ी टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर चुके हैं या जिन्हें क्वालीफायर तथा कोई बड़ा टूर्नामेंट खेलना है, उनके लिए चरणबद्ध तरीके से ट्रेनिंग शुरू की जाएगी।