नई दिल्ली : चेन्नई सुपर किंग्स का कमान संभाल रहे टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के माता-पिता कोरोना संक्रमित पाये गए है, जिस कारण उन्हें रांची के पल्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। आपको बता दें कि कोरोना आंकड़े दिन-प्रतिदिन अपना पैर फैलाता जा रहा है, जिससे अब झारखंड भी अछूता नहीं है। यहां भी कोविड संक्रमितों के आंकड़े लगातार बढ़ रहे हैं।
बता दें कि बुधवार को टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के पिता पान सिंह और उनकी माता देविका देवी को बरियातू रोड स्थित पल्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान धोनी मुबई में हैं, जहां आज (बुधवार) उनकी टीम का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) से होगा।
आपको बता दें कि धोनी का परिवार उत्तराखंड है। उनके पिता पान सिंह 1964 में रांची स्थित मेकॉन (MECON) में जूनियर पद पर नौकरी मिलने के बाद झारखंड (तत्कालीन बिहार) में रहने लगे।
अस्पताल के संचालक ने बताया कि धोनी के अभिभावकों की स्थिति सामान्य है। उनका ऑक्सीजन का लेवल ठीक है। संक्रमण फेफड़ों तक नहीं पहुंचा है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि अगले कुछ दिनों में उनकी स्थिति और बेहतर होगी और उनका संक्रमण ठीक हो जाएगा। बता दें कि पिछले 24 घंटें में कोरोना के 2 लाख 95 हजार से अधिक नए मामले सामने आए हैं और 2 हजार से अधिक लोगों की मौत हुई है। जिससे देश में कुल संक्रमणों की संख्या 1,56,16,130 हो गई है। वहीं जान गंवाने वाले लोगों की संख्या 182,553 हो गई।
आपको बता दें कि इस समय देश में एक्टिव केस की संख्या 21,57,538 है और अब तक 1,32,76,039 लोग रिकवर कर चुके हैं। बता दें कि कोरोना वायरस संकट के मद्देनजर झारखंड सरकार ने सूबे में 22 अप्रैल की सुबह 6:00 बजे से 29 अप्रैल की सुबह 6:00 बजे तक‘‘स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह’’ की घोषणा है। इस दौरान लॉकडाउन जैसी पाबंदियां रहेंगी।