रिपोर्ट: सत्यम दुबे
नई दिल्ली: देश एक तरफ कड़ाके की ठंड झेल रहा है, तो दूसरी तरफ ठंड और कोहरे से भीषण सड़क हादसे का शिकार हो रहा है। मंगलवार को सुबह गुजरात से एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया था, जहां एक डंफर कोहरे के कारण फुटपाथ पर सो रहे लोंगो के उपर चढ़ गया। जिसमें करीब 15 लोगो ने अपनी जान गंवा दी।
बुधवार सुबह गुजरात जैसा ही एक बड़ा मामला कोलकाता से सामने आया है। बताया जा रहा है कि मंगलवार और बुधवार की रात बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले में एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जिसमें करीब 13 लोंगो ने अपनी जान गंवा दी है। इतना ही नहीं इस सड़क हादसे में कई लोग घायल भी हुए हैं।
बंगाल के धूपगुड़ी में मंगलवार देर रात एक डंपर मयनातली के रास्ते से गुजर रहा था। इसी दौरान लो विजिबिलिटी के कारण इस डंपर ने कई गाड़ियों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद डंपर पलट गया और इसकी चपेट में आने से 13 लोगों की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुए लोग किसी विवाह समारोह में शामिल होने के बाद अपने घर लौट रहे थे।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय निवासियों का कहना है कि हादसे का शिकार हुए वाहनों में कितने लोग हताहत हुए हैं, अभी इसकी पूरी जानकारी नहीं मिल सकी है। अंदेशा है कि इस घटना में मृतकों की संख्या अभी और बढ़ सकती है।
पुलिस ने हादसे के बाद घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। प्रथम दृष्टतया आशंका जताई जा रही है कि हादसा कोहरे के कारण हुआ है। लेकिन पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच में जुटी गई है।