आज करीब 92 दिन बाद सेविला और रियल बेटिस के बीच मुकाबले के साथ स्पेनिश लीग (ला लीगा) की वापसी होगी। बता दे, यह दूसरी बड़ी यूरोपियन फुटबॉल लीग होगी जो कोरोना के बाद वापसी करेगी। पिछले माह ही जर्मनी में बुंदेसलीगा की वापसी हुई थी। अगले हफ्ते से इंग्लिश प्रीमियर लीग की भी वापसी होगी।
ला लीगा के मैच भी बंद दरवाजों में दर्शकों के बिना खेले जाएंगे। लीग को 12 मार्च को निलंबित किया गया था। आखिरी मुकाबला 11 मार्च को ईबर और रियल सोसिदाद के बीच खेला गया था। इसमें सोसिदाद ने 2-1 से जीत दर्ज की थी।
अब 11 राउंड के मुकाबले बचे हैं जिन्हें 19 जुलाई तक खत्म करना है। सेविला 27 मैचों में 13 जीत से 47 अंकों के साथ तालिका में तीसरे नंबर पर है और खिताब की दौड़ में बना हुआ है। वहीं बेटिस इतने ही मैचों में 33 अंक लेकर 12वें नंबर पर है। दोनों ने ही एक-एक बार यह खिताब जीता है।