कल हुए मुकाबले में पंजाब की तरफ से क्रिस गेल और मनदीप सिंह ने शानदार अर्धशतक ठोके और टीम को 150 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 18.5 ओवर में जीत दिला दी। मनदीप सिंह 66 रन बनाकर नॉटआउट लौटे।
तीन दिन पहले अपने पिता को खोने के बाद 66 रन की अहम पारी खेलने वाले मनदीप सिंह ने यह पारी अपने पिता को समर्पित करते हुए कहा कि उनके पिता हमेशा चाहते थे कि वह ‘नॉटआउट’ रहें।
मैच के बाद मनदीप ने कहा – ” यह बहुत खास पारी है। मेरे पिता हमेशा कहते थे कि मुझे नॉटआउट रहना चाहिए। यह पारी उनके लिए है। मैं शतक या दोहरा शतक भी बना लूं तो वह पूछते थे कि मैं आउट क्यों हुआ।
मनदीप ने कहा, ‘मेरा काम तेजी से रन बनाने का था लेकिन मैं उसमें सहज नहीं था। मैंने राहुल से कहा कि क्या मैं अपना स्वाभाविक खेल दिखा सकता हूं और मैच को फिनिश करा दूंगा। उन्होंने मेरा साथ दिया और खुद आक्रामक होकर खेले। मैंने क्रिस से कहा कि उन्हें कभी रिटायर नहीं होना चाहिए। वह यूनिवर्सल बॉस हैं। उनके जैसा कोई नहीं।’