1. हिन्दी समाचार
  2. बिहार
  3. गोपालगंज में डीएम का मॉडल सदर अस्पताल में औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्थाओं का लिया जायजा

गोपालगंज में डीएम का मॉडल सदर अस्पताल में औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्थाओं का लिया जायजा

गोपालगंज में डीएम समीर सौरभ ने मॉडल सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई और मरीजों को मिल रही सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने इमरजेंसी, डायलिसिस यूनिट, ओपीडी सहित कई विभागों का जायजा लिया और कमियों को दूर करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है और लापरवाही पर सख्त कार्रवाई होगी।

By: Nivedita 
Updated:
गोपालगंज में डीएम का मॉडल सदर अस्पताल में औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्थाओं का लिया जायजा

गोपालगंज। जिला पदाधिकारी समीर सौरभ ने मॉडल सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और अस्पताल की व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने इमरजेंसी, ओपीडी, एक्स-रे, दवा वितरण केंद्र, डायलिसिस यूनिट सहित कई विभागों का दौरा किया और मरीजों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली।

मरीजों से बातचीत कर जानी समस्याएं

निरीक्षण के दौरान डीएम ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों में भर्ती मरीजों से संवाद किया और इलाज, दवा उपलब्धता तथा जांच सुविधाओं को लेकर फीडबैक लिया। उन्होंने डॉक्टरों की उपस्थिति, चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता और अस्पताल परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था की भी जांच की।

डीएम ने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिए कि मरीजों को समय पर उपचार, दवा और जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई

निरीक्षण के बाद डीएम समीर सौरभ ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को व्यवस्थाओं में सुधार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और कहा कि लापरवाही मिलने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

अस्पताल में मिली सुविधाओं और कमियों की हुई पहचान

डीएम ने बताया कि मॉडल सदर अस्पताल में ब्लड बैंक, डायलिसिस सहित कई आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं संचालित हैं और बड़ी संख्या में मरीज यहां इलाज करा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान भवन से जुड़ी कुछ तकनीकी कमियां सामने आईं, जिन्हें चिह्नित कर लिया गया है। इन्हें मेंटेनेंस अवधि के तहत संबंधित एजेंसी से जल्द ठीक कराया जाएगा।

बारिश में छत के पैनल गिरने की घटना पर दी जानकारी

हाल ही में तेज बारिश के दौरान अस्पताल में छत के पैनल गिरने की घटना पर डीएम ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि यह निर्माण में खराबी के कारण नहीं हुआ था। उन्होंने कहा कि पानी निकासी पाइप में प्लास्टिक कचरा फंसने से पानी जमा हो गया था, जिसके दबाव के कारण पैनल को नुकसान पहुंचा। इसकी मरम्मत जल्द कराई जाएगी और भविष्य में ऐसी स्थिति रोकने के लिए अतिरिक्त व्यवस्था की जाएगी।

 

नए भवन निर्माण की भी होगी निगरानी

डीएम ने बताया कि अस्पताल परिसर में नए भवन का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य की नियमित समीक्षा की जाएगी, ताकि इसे निर्धारित समय सीमा में पूरा कराया जा सके और मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

इमरजेंसी वार्ड में एसी व्यवस्था के लिए भेजा जाएगा प्रस्ताव

निरीक्षण के दौरान इमरजेंसी वार्ड में एयर कंडीशनर की कमी का मामला भी सामने आया। डीएम ने बताया कि अस्पताल के अन्य महत्वपूर्ण विभागों में एसी की सुविधा उपलब्ध है, लेकिन इमरजेंसी वार्ड में इसकी आवश्यकता है। इसके लिए सरकार को प्रस्ताव भेजा जाएगा और जल्द व्यवस्था कराने का प्रयास किया जाएगा।

तकनीकी खामियों को दूर करने के निर्देश

निरीक्षण में कुछ मशीनों में मामूली तकनीकी खराबी और ऑक्सीजन आपूर्ति व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं भी सामने आईं। डीएम ने संबंधित विभागों को इन कमियों को जल्द दूर करने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

 

रिपोर्ट – नमो नारायण मिश्रा

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...