1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. जिला जज को तमिल भाषा में मिला मेल, कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी से मचा हड़कंप

जिला जज को तमिल भाषा में मिला मेल, कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी से मचा हड़कंप

बड़वानी डीजे को तमिल भाषा में मिला एक मेल, दोपहर 12 बजे मिली थी सूचना , कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की दी गई थी धमकी । BDS टीमें ने किया सर्चिंग, नही मिला कुछ भी संदिग्ध।

By: Naredra 
Updated:
जिला जज को तमिल भाषा में मिला मेल, कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी से मचा हड़कंप

बड़वानी। जिला न्यायालय बड़वानी की आधिकारिक ईमेल आईडी पर शुक्रवार सुबह एक सनसनीखेज धमकी भरा मेल आया। मेल में दावा किया गया था कि कोर्ट और जज के दफ्तरों में 15 जहरीली गैस के बम लगाए गए हैं, जो दोपहर 1 बजे फटेंगे। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने तुरंत संज्ञान लेते हुए कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को बम दस्ता के माध्यम से जांच करवाते हुए जांच रिपोर्ट सौपने को कहा है।

सूचना मिलने के बाद जिला मुख्यालय के कोर्ट परिसर में शुक्रवार दोपहर में अचानक पुलिस बल ने कोर्ट परिसर को अपने कब्जे में ले लिया और परिसर खाली करवाकर बंद कर दिया। कोर्ट के पास दुकानों को बंद कराया गया और वकीलों के चैंबर भी बंद कराए गए। साथ ही सामने सहित साइड व पीछे के रास्तों को सीज कर बैरीकेडिंग की गई। अचानक पुलिस की इस कार्रवाई से शहरवासी भी आश्चर्य में पड़ गए।

दोपहर करीब ढाई बजे खरगोन से आए बम निरोधक दस्ते ने पूरे कोर्ट परिसर में जांच-पड़ताल की। हालांकि जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं पाई गई। दरअसल तामिल भाषा में धमकी भरा एक ई मेल जिला एवं सत्र न्यायालय को प्राप्त हुआ था। जिसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक को सूचना दी। इसके बाद पुलिस प्रशासन दोपहर करीब 12.45 बजे मौके पर पहुंचा और तत्काल बैरीकेड लगाकर आवागमन सामने के रोड से डायवर्ट किया। वहीं कोर्ट के बाहर संचालित दुकानों के सटर गिराए। इस दौरान दुकानदार और आमजन भी सतके में आ गए। बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर तैनात हो गया। कोर्ट के पास सुख विलास के मार्ग को भी बंद किया। वहीं पीछे वाले मार्ग से भी आवागमन रोका गया।

जिला एवं सत्र न्यायाधीश महेंद्र कुमार जैन ने कहा कि तामिल भाषा में एक ई मेल प्राप्त हुआ था।  जिसके बाद पुलिस अधीक्षक को अवगत कराया गया था। हालांकि ऐसे फेक मैसेज आते हैं, जो विचलित करने वाले होते हैं, लेकिन इसे अफवाह नहीं कहा जा सकता। क्योंकि ऐसे मैसेज में अगर कोर्ट के लिए आते हैं, तो आम जन में असुरक्षा का भाव पैदा होता हैं। इसलिए पुलिस के माध्यम से इसकी जांच कराई गई।

एसपी पद्म विलोचन शुक्ल ने कहा कि हालांकि जांच में ऐसी कोई वस्तु नहीं मिली, जो विस्फोटक हो या जहरीली हो। मध्य प्रदेश के अन्य जिलों में इस प्रकार के ई-मेल प्राप्त हुए। साइबर व तकनीकी माध्यम से पुलिस जांच कर रही है। जल्द ही इसे ट्रेस कर लिया जाएगा। इस दौरान अपर कलेक्टर सोहन कनाश, तहसीलदार सोनू गोयल, एएसपी धीरज बब्बर, एसडीओपी दिनेशसिंह चौहान, टीआई बलजीत सिंह बिसेन, यातायात प्रभारी विनोद बघेल सहित पुलिस व राजस्व अमला कोर्ट परिसर के आसपास तैनात रहा।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...