भारतीय टीम के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने भारतीय टीम में भेदभाव बताया है। गावस्कर ने कहा कि टीम में अलग-अलग खिलाड़ियों के लिए अलग नियम हैं।
दरअसल, भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली अपने बच्चे के जन्म के कारण भारत वापस लौट चुके हैं। विराट जनवरी में पिता बनने वाले हैं और वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बाकी बचे मुकाबले नहीं खेलेंगे। भारतीय टीम इस समय सीरीज में 1-0 से पीछे है।
इसी को लेकर गावस्कर ने कहा कि एक तरफ टी नटराजन अपनी बेटी से नहीं मिल रहे दूसरी तरफ विराट सीरीज छोड़कर भारत वापस जा रहे हैं।
गावस्कर ने कहा – “जब आईपीएल प्लेऑफ चल रहा था तब टी नटराजन पहली बार पिता बने थे। उन्हें ऑस्ट्रेलिया टेस्ट सीरीज़ के लिए बने रहने के लिए कहा गया था, लेकिन टीम के एक हिस्से के रूप में नहीं बल्कि एक नेट बॉलर के रूप में। कल्पना करो कि दूसरे फॉर्मेट के एक मैच विनर को नेट बॉलर के रूप में रखा गया है। वह जनवरी के तीसरे सप्ताह में सीरिज समाप्त होने के बाद ही घर लौटेंगे और पहली बार अपनी बेटी को देखेगा। वहीं, कप्तान (विराट कोहली) अपने पहले बच्चे के जन्म के लिए पहले टेस्ट के बाद वापस भारत जा रहे हैं।”
इतना ही नहीं गावस्कर ने अश्विन पर बात करते हुए कहा कि अश्विन ने भी टीम में बने रहने के लिए काफी मेहनत की है। अगर एक मैच में विकेट नहीं लेते हैं तो अगले मैच में बाहर कर दिया जाता है।
उन्होंने कहा – “बहुत लंबे समय तक अश्विन को अपनी गेंदबाजी क्षमता से नुकसान नहीं हुआ है, उसकी क्षमता के बारे में केवल अभद्र को ही संदेह होगा, लेकिन मीटिंग्स में जहां अधिकांश लोग सहमति ही जताते हैं, वे स्पष्टरूप से अपनी बात रखते हैं। अश्विन एक मैच में विकेट नहीं लेते हैं तो उन्हें अगले मैच के लिए दरकिनार कर दिया जाता है। हालांकि, स्थापित बल्लेबाजों के साथ ऐसा नहीं होता है।”
आपको बता दें कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच दूसरा टेस्ट 26 दिसंबर से मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा। भारतीय टीम कई बदलावों के साथ दूसरे टेस्ट में उतरेगी।