जहानाबाद: नगर परिषद जहानाबाद में सोमवार को सामान्य बोर्ड की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर परिषद अध्यक्ष रूपा देवी ने की। इसमें कार्यपालक पदाधिकारी वीरेंद्र कुमार सहित नगर परिषद के सभी 33 वार्ड पार्षद शामिल हुए।बैठक में शहर के विकास, नागरिक सुविधाओं और अलग-अलग वार्डों में मौजूद मूलभूत समस्याओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। पार्षदों ने अपने-अपने वार्ड की समस्याएं सामने रखते हुए जल्द समाधान की मांग की।
नल-जल, सड़क और जलजमाव की समस्या उठी
बैठक में नल-जल योजना, क्षतिग्रस्त पाइपलाइन, नाली, सड़क, जलजमाव और स्ट्रीट लाइट से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से उठीं।पार्षदों ने बताया कि कई जगह पाइपलाइन टूटने के कारण पानी की बर्बादी हो रही है, जबकि कुछ इलाकों में नियमित जलापूर्ति भी प्रभावित है। इसके अलावा कई वार्डों में सड़क और नाली की स्थिति सुधारने की जरूरत बताई गई।
विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
नगर परिषद अध्यक्ष रूपा देवी ने कहा कि पहले विकास कार्यों की गति धीमी रहने के कारण कई वार्डों में समस्याएं बनी हुई हैं। अब विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा।उन्होंने कहा कि शहरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर परिषद की प्राथमिकता है और इसके लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया जाएगा।
लापरवाही पर एजेंसियों के खिलाफ होगी कार्रवाई
कार्यपालक पदाधिकारी वीरेंद्र कुमार ने लंबित योजनाओं को लेकर संबंधित एजेंसियों को सख्त निर्देश देने की बात कही।उन्होंने कहा कि जिस एजेंसी को विकास कार्य की जिम्मेदारी दी गई है, उसे निर्धारित समय सीमा के भीतर काम पूरा करना होगा। काम में लापरवाही या अनावश्यक देरी मिलने पर नोटिस के साथ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।जरूरत पड़ने पर संबंधित एजेंसी का लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
शहर में लगेंगी नई स्ट्रीट लाइट
बैठक में शहर की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को मजबूत करने पर भी चर्चा हुई। अध्यक्ष रूपा देवी ने कहा कि आवश्यकता के अनुसार शहर के विभिन्न हिस्सों में नई स्ट्रीट लाइट लगाई जाएगी।इसके साथ ही शहर को आकर्षक बनाने के लिए प्रमुख स्थानों पर तिरंगा लाइट लगाने की योजना पर भी विचार किया गया।
टूटी पाइपलाइन की होगी तत्काल मरम्मत
नल-जल योजना की खराब और टूटी पाइपलाइनों को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।अध्यक्ष ने कहा कि जहां भी पाइपलाइन क्षतिग्रस्त है, वहां तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि पानी की बर्बादी रोकी जा सके और लोगों को नियमित जलापूर्ति मिल सके।बैठक में विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के प्रस्ताव भी बोर्ड के सामने रखे गए। प्रस्तावों पर चर्चा के बाद नियमानुसार स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी कर संबंधित योजनाओं पर काम शुरू कराया जाएगा।नगर परिषद प्रशासन ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा।