आइपीएल के 13वें सीजन के 23वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने राजस्थान रॉयल्स (RR) को 46 रन से हरा दिया। दिल्ली ने टॉस हारकर बल्लेबाजी करते हुए 185 रन का टारगेट दिया। जवाब में राजस्थान 19.4 ओवर में 138 रन ही बना पाई।
यह शारजाह में सीजन का सबसे छोटा टारगेट है। इससे पहले इस सीजन में यहां खेले गए सभी मैच में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 200 से ज्यादा रन बनाए थे। राजस्थान की सीजन में लगातार चौथी हार है।
मैच के बाद दिल्ली के कप्तान श्रेयस अय्यर ने गेंदबाजों की तारीफ की। उन्होंने कहा हमने दूसरी पारी शानदार प्रदर्शन किया।
मैच के बाद अय्यर ने कहा कि जिस तरह से हमने दूसरी पारी में प्रदर्शन किया उससे मैं काफी खुश हूं। हमें लगा था कि हमने कम स्कोर खड़ा किया है, लेकिन विकेट ने थोड़ा हैरान किया और गेंदबाज अपनी रणनीति पर खरे उतरे। ओस के कारण हम भी पहले गेंदबाजी करने का ही फैसला लेते, लेकिन अच्छा हुआ कि हम टॉस हार गए।
छह में पांच मैच जीतकर दिल्ली अंक तालिका में पहले स्थान पर है। अय्यर ने इसे लेकर कहा कि उन्हें कप्तानी करने में आनंद आ रहा है क्योंकि साथी खिलाड़ियों ने उनके लिए काम आसान बना दिया है, खासतौर पर गेंदबाजों ने। टीम के सपोर्ट स्टाफ ने टीम को शानदार तरह मैनेज किया है।
अय्यर ने आगे कहा कि उन्हें लगता है कि टीम में काफी अच्छा मिश्रण है और इसके लिए काफी मेहनत किया गया है। उन्होंने कहा जिस तरह से टीम आगे बढ़ रही है उससे वे खुश हैं। दौरे से पहले खिलाड़ियों ने अपनी ताकत और कमजोरी के बारे में बातचीत की थी।