नई दिल्ली : भारत और न्यूजीलैंड के बीच जयपुर में तीन मैचों की सीरीज का पहला टी20 मैच खेला गया। जिसमें भारतीय तेज गेंदबाज दीपक चाहर का एक वीडियो वायरल हो रहा है। मैच में फील्डिंग के दौरान वह अपनी बहन से बात कर रहे हैं। जयपुर चाहर का होम ग्राउंड भी है। भारत के लिए इस मैदान पर उनका पहला मैच था। मैदान पर उन्हें खेलते देखने के लिए परिवार के लोग भी आए थे।
मैच की पहली पारी में चाहर आउटफील्ड में फील्डिंग कर रहे थे। इस दौरान चाहर को उनकी बहन मालती से बात करने का मौका मिला। मालती स्टैंड में बैठकर मैच देख रही थीं।
View this post on Instagram
भारत की फील्डिंग के 8वें ओवर के दौरान दीपक चाहर की बहन मालती ने अपने भाई की टांग खींचने की कोशिश की। दीपक बाउंड्री लाइन पर फील्डिंग कर रहे थे जहां मालती बैठी थीं। मालती बार-बार दीपक-दीपक कहकर अपने भाई को बुलाती रहीं जब तक कि तेज गेंदबाज ने अपनी बहन की ओर नहीं देखा।
मालती ने अपने इंस्टाग्राम पर इसकी झलक पेश की। उन्होंने एक वीडियो शेयर किया जिसके साथ कैप्शन दिया- ‘आज मेरा फैन मूवमेंट है। मैं हमेशा से यह करना चाहती थी।’
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने हालांकि न्यूजीलैंड को 164 के स्कोर पर रोकने के लिए गेंदबाजों की तारीफ की। एक समय पर लग रहा था कि कीवी टीम 180 का स्कोर हासिल कर लेगी। रोहित ने खास तौर पर अश्विन की तारीफ की जिन्होंने न सिर्फ विकेट लिए बल्कि बीच के ओवरों में रनगति पर भी ब्रेक लगाया।
बता दें कि आईपीएल 2021 के एक मैच में दीपक चाहर ने स्टैंड में जाकर अपनी गर्लफ्रेंड जया को शादी के लिए प्रपोज किया था। दीपक चाहर के प्रपोजल का यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल भी हुआ था। वहीं अगर न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टी-20 मुकाबले की बात करें तो दीपक चाहर ने 4 ओवर में 42 रन देकर 1 विकेट झटका था।