हैदराबाद के खिलाफ हार के बाद कोहली और डिविलियर्स काफी निराश नजर आए। बैंगलोर लगातार पिछले तीन मुकाबले हार चुकी है और प्लेऑफ में जाने के लिए बैंगलोर को अपना अगला मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ हर हाल में जीतना होगा।
मैच के बाद एबी डिविलियर्स ने कहा कि लगातार तीन मैच हारना एक खतरनाक एहसास है, आप ऐसा बिलकुल नहीं चाहते। लेकिन इस खेल की प्रवृति ऐसी है कि कुछ भी हो सकता है। अगर आप लगातार तीन मैच हारते हैं तो लगातार तीन मैच जीत भी सकते हैं। दिल्ली के खिलाफ बड़ा मुकाबला है और बेस्ट क्रिकेट खेलेंगे।
आपको बता दें कि पहले बल्लेबाजी करते हुए बैंगलोर की टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 120 रन बनाए थे। जवाब में हैदराबाद की टीम ने 14.1 ओवर में 5 विकेट खोकर इस लक्ष्य को हासिल कर लिया था। इस मैच में एबी डिविलियर्स ने 24 रनों की पारी खेली, जबकि कोहली सिर्फ 7 रन बनाकर आउट हो गए थे।
हार पर आरसीबी के कप्तान कोहली ने कहा – यह कभी भी काफी नहीं था। हमको लगा था कि इस पिच पर हम 140 रन बनाने के बाद गेम में बने रहेंगे। हमारी बल्लेबाजी इस पूरे मैच में काफी खराब रही और इसके लिए हैदराबाद की टीम को श्रेय देना होगा। उन्होंने पिच का सही तरीके से इस्तेमाल किया और पेस को भी अच्छे से बदला।
यह एक प्रतिस्पर्धापूर्ण टूर्नामेंट है और यहां पर आप किसी भी टीम को हल्के में नहीं ले सकते हैं,स्थिती हमारे सामने है, हमको टॉप 2 में रहने के लिए अपने आखिरी मैच में हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी। दूसरी पारी में चीजें एकदम से बदल गई। काफी सारी ओस थी, जो कि हमने प्रिडिक्ट नहीं की थी। उन्होंने टॉस के समय में सही फैसला लिया। आखिरी में गेंद को पकड़ना काफी मुश्किल था।
अगला मुकाबले में बैंगलोर का मुकाबला दिल्ली से होना है।