भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाले दूसरे टेस्ट मैच से पहले ऑस्ट्रेलिया को दो बड़े झटके लगे हैं। ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज डेविड वार्नर और गेंदबाज सीन एबॉट दूसरे टेस्ट से बाहर हो गए हैं।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की ओर से जारी किए गए एक बयान में साफ किया गया है कि दोनों ही खिलाड़ी अपनी चोटों से तेजी से उबर रहे हैं, जिन्हें तीसरे टेस्ट से पहले टीम में शामिल किया जा सकता है। फिलहाल दोनों के बॉक्सिंग डे टेस्ट मैच में खेलने के कोई आसार नहीं हैं।
भारत के खिलाफ वनडे सीरीज में खेलते हुए डेविड वार्नर चोटिल हो गए थे, वह अपनी चोट से अभी तक उबर नहीं पाए हैं, इसलिए भारत के साथ दूसरे टेस्ट में वह नहीं खेल पाएंगे।
दूसरी तरफ सीन एबॉट ऑस्ट्रेलिया की ओर से ‘इंडिया ए’ के खिलाफ प्रैक्टिस मैच में खेलते हुए चोटिल हुए थे। उन्हें कॉफ इंजरी का सामना करना पड़ा था। जिससे उबरने में उन्हें समय लग रहा है, इस कारण भी वह दूसरे टेस्ट में भारत के खिलाफ नहीं खेल पाएंगे।
चोटिल होने के बाद दोनों खिलाड़ी अपने परिवार के पास चले गए थे। जहां वह अपनी रिहैबिलिटेशन की प्रक्रिया को पूरा कर रहे थे। ऐसा होने के कारण वह अपनी टीम के बायो-सिक्योर बबल से बाहर हो गए और अब कोरोना नियमों की वजह से भी उनके तीसरे टेस्ट से पहले आईसोलेशन में रहना पड़ सकता है।
ऑस्ट्रेलिया के विल पुकोवस्की पहले ही बाहर हो चुके हैं, इसलिए दूसरे टेस्ट में भी जो बर्न्स के साथ मैथ्यू वेड ही ओपन करेंगे।