रिपोर्ट: सत्यम दुबे
कोलकाता: बंगाल विधानसभा चुनाव अपने रंगत पर चर रहा है, चुनाव के बीच आरोप प्रत्यारोप भी जमकर किये जा रहें हैं। तो वहीं उत्तर प्रदेश में मुख्तार अंसारी भी चर्चा का विषय बना हुआ है। बंगाल में भारतीय जनता पार्टी ममता बनर्जी पर जमकर निशाना साध रही है। ममता बनर्जी को नंदीग्रम में चोट लग गई थी। उसके बाद से ही वो व्हील चेयर पर चुनाव प्रचार कर रही हैं।
वहीं दूसरी तरफ योगी सरकार मुख्तार को पंजाब से यूपी ले आने में सफल हो गई, लेकिन मुख्तार ने यूपी न आने के लिए व्हील चेयर का सहारा लेकर हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी। लेकिन हाईकोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन करते हुए मुख्तार की याचिका खारिज कर दी। जिसके बाद मंगलवार दोपहर यूपी पुलिस एंबुलेंस में उसको व्हील चेयर पर ही पंजाब से लेकर यूपी के लिए रवाना हुई थी।
इस मामले में मध्य प्रदेश के गृह मंत्री डॉक्टर नरोत्तम मिश्रा ने बुधवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और मुख्तार अंसारी पर निशाना साधा है। इस दौरान उन्होने कहा कि इन दिनों देश में दो व्हीलचेयर फेमस है। एक हार के डर से व्हीलचेयर पर हैं तो दूसरे मार के डर से।
आपको बता दें कि आसनसोल में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि एक व्हील चेयर पंजाब से उत्तर प्रदेश के बांदा पहुंचा है। दूसरा यहां है। एक सत्ता जाने के डर से व्हीलचेयर में है। दूसरा मार के डर से। इन दिनों व्हीलचेयर एक अजीब स्थिति में है।
इससे पहले सोमवार को हुगली के देवबंदपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि “क्या भाजपा के लोग चुनाव लड़ने के लिए स्थानीय उम्मीदवार नहीं ढूंढ सकते? उनके पास स्थानीय लोग नहीं हैं। उनके सभी लोग टीएमसी या सीपीएम से उधार ले रहे हैं। पानी की तरह पैसा बहाया जा रहा। मैं एक पैर पर बंगाल जीतूंगी और भविष्य में दो पैरों पर दिल्ली में जीत हासिल करूंगी।”