बुरहानपुर: नाग पंचमी के अवसर पर सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर बुरहानपुर में विवाद का मामला सामने आया है। हिंदू जागरण मंच और सकल हिंदू समाज ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की।संगठनों का आरोप है कि कुछ लोगों और कथित तौर पर राजनीतिक नेताओं की ओर से सोशल मीडिया पर ऐसी टिप्पणियां और पोस्ट की गईं, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हो सकती हैं और शहर का शांतिपूर्ण माहौल प्रभावित हो सकता है।
आदिवासी जनजातीय नेता सुभान चौहान ने बताया कि नाग पंचमी के अवसर पर जिले के बड़ी संख्या में सनातनी श्रद्धालु बड़ तटिया स्थित महादेव मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान धार्मिक आस्था और भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली कथित टिप्पणियों का मामला सामने आया।वहीं हिंदू जागरण मंच के नेता अजीत परदेशी ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर लगातार आपत्तिजनक प्रचार किया जा रहा है और इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं।ज्ञापन देने पहुंचे लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि सोशल मीडिया पर की गई कथित आपत्तिजनक पोस्ट और टिप्पणियों की गंभीरता से जांच की जाए और जांच में दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जाए।इस दौरान सकल हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने SP कार्यालय के सामने हनुमान चालीसा का पाठ किया और नारेबाजी भी की।
वहीं पूरे मामले को लेकर एडिशनल एसपी प्रदीप शेंडे ने बताया कि असीरगढ़ में नाग पंचमी के दौरान गरबा आयोजन को लेकर एक AIMIM नेता द्वारा कथित तौर पर अभद्र भाषा के इस्तेमाल की शिकायत सामने आई है। इसी संबंध में ज्ञापन दिया गया है।एडिशनल एसपी ने कहा कि मामले की जांच की जाएगी और जांच में आरोपों की सत्यता पाए जाने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। प्रशासन का कहना है कि शहर में शांति और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखना प्राथमिकता है और किसी भी तरह की आपत्तिजनक गतिविधि सामने आने पर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
राजू सिंह राठौड़ की रिपोर्ट