2018-19 में टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार टेस्ट मैचों की सीरीज 2-1 से अपने नाम की थी। ऑस्ट्रेलियाई कोच जस्टिन लैंगर को पिछली बार की तुलना में अपने गेंदबाजों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।
लैंगर ने दावा किया है कि पिछली बार की तुलना में इस बार ऑस्ट्रेलिया टीम के गेंदबाज बेहतर प्रदर्शन करेंगे। पिछली सीरीज में आस्ट्रेलिया की हार का एक कारण स्टीव स्मिथ और डेविड वार्नर की अनुपस्थिति को बताया गया था, जो बॉल टेम्परिंग के कारण बैन झेल रहे थे, लेकिन अब उनकी वापसी हो चुकी है।
लैंगर ने कहा, “अगर मैं पिछली सीरीज के बारे में बात करूं तो हम मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में टॉस हार गए थे। पर्थ टेस्ट मैच जीतने के बाद हम एक फ्लैट विकेट पर टॉस हार गए थे। भारत ने लगभग दो दिन गेंदबाजी की थी। इसके बाद हमें सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में खेलना था और वहां की भी विकेट फ्लैट थी। ”
उन्होंने कहा, ” मैं बहाने नहीं बना रहा हूं, लेकिन तब काफी मुश्किल हो रही थी। भारतीय टीम अपने खेल के शीर्ष पर थी। वह इतिहास में पहली बार हमें हराने की हकदार थी, लेकिन हमारी टीम दो साल में बेहतर हुई है और भारतीय टीम के अधिकतर खिलाड़ी समान ही हैं, ज्यादा अनुभवी भी। मैं इस सीरीज का इंतजार कर रहा हूं। “