1. हिन्दी समाचार
  2. Bhopal
  3. सीएम मोहन यादव का पत्रकारों से आह्वान- देशहित को सर्वोपरि रखकर करें जिम्मेदार पत्रकारिता

सीएम मोहन यादव का पत्रकारों से आह्वान- देशहित को सर्वोपरि रखकर करें जिम्मेदार पत्रकारिता

भोपाल में ‘अभ्युदय’ कार्यक्रम के दौरान सीएम मोहन यादव ने पत्रकारों से देशहित को प्राथमिकता देते हुए जिम्मेदार और सकारात्मक पत्रकारिता करने की अपील की। उन्होंने फेक न्यूज से बचने, हिंदी को बढ़ावा देने और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा पर जोर दिया। साथ ही भाजपा की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में मध्यप्रदेश को मिले प्रतिनिधित्व पर नेताओं को शुभकामनाएं दीं।

By: Nivedita 
Updated:
सीएम मोहन यादव का पत्रकारों से आह्वान- देशहित को सर्वोपरि रखकर करें जिम्मेदार पत्रकारिता

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पत्रकारिता को लोकतंत्र का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए पत्रकारों से सकारात्मक, जिम्मेदार और देशहित केंद्रित पत्रकारिता करने की अपील की। भोपाल स्थित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय में आयोजित ‘अभ्युदय’ कार्यक्रम में उन्होंने हिंदी भाषा के महत्व और पत्रकारिता की जिम्मेदारियों पर विस्तार से विचार रखे।

हिंदी को मजबूत बनाने की दिशा में हो प्रयास

मुख्यमंत्री ने कहा कि हिंदी को जन-जन की भाषा के साथ-साथ प्रशासन और लोकतांत्रिक व्यवस्था में भी अधिक प्रभावी बनाने की जरूरत है। उन्होंने संसद, विधेयक, विधायक और सांसद जैसे शब्दों के हिंदी स्वरूप के महत्व का उल्लेख करते हुए विश्वविद्यालय द्वारा हिंदी को परिभाषित और स्थापित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

आपातकाल के दौर को किया याद

डॉ. यादव ने आपातकाल के समय पत्रकारों की भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि उस दौर में कई पत्रकारों ने लोकतंत्र की रक्षा के लिए अलग-अलग तरीकों से अपना विरोध दर्ज कराया था। उन्होंने अखबारों के पहले पन्ने को खाली रखकर विरोध जताने वाले पत्रकारों का उदाहरण देते हुए कहा कि पत्रकारिता ने लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

फेक न्यूज से बचने की अपील

मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से अपील की कि खबरों की विश्वसनीयता और तथ्यों की जांच को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने ‘फेक न्यूज’ से दूरी बनाकर ‘नेक न्यूज’ के माध्यम से समाज और देश के हित में सकारात्मक वातावरण तैयार करने पर जोर दिया।

माखनलाल विश्वविद्यालय के विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पत्रकारों, साहित्यकारों और कलाकारों का स्वागत करते हुए माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय को देश के प्रतिष्ठित संस्थानों में शामिल बताया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार विश्वविद्यालय के विकास और उसे बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

भाजपा की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी पर सीएम ने दी बधाई

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी के गठन पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नई टीम में अनुभव और संतुलन का ध्यान रखा गया है तथा मध्यप्रदेश को भी महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व मिला है।

मध्यप्रदेश के नेताओं को मिली अहम जिम्मेदारियां

मुख्यमंत्री ने लाल सिंह आर्य, गजेंद्र पटेल, कविता पाटीदार और आशीष अग्रवाल को नई जिम्मेदारियां मिलने पर बधाई दी। उन्होंने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद विष्णु दत्त शर्मा को विभिन्न प्रकल्पों के संयोजक की जिम्मेदारी मिलने और बंसीलाल गुर्जर के किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने को भी प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया।

प्रदेश को प्रतिनिधित्व मिलने पर जताई खुशी

डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में मध्यप्रदेश को मिला प्रतिनिधित्व प्रदेशवासियों के लिए सम्मान और प्रसन्नता का विषय है। उन्होंने राष्ट्रीय नेतृत्व का आभार जताते हुए सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों के उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...