इंडियन प्रीमियर लीग के 13वें सीजन में वेस्टइंडीज के क्रिस गेल के पास इतिहास रचने का मौका है. क्रिस गेल ट्वेंटी-ट्वेंटी फॉर्मेट में 1000 छक्के लगाने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन सकते हैं।
आईपीएल के 13वें सीजन का आगाज 19 सितंबर से युनाइटेड अरब अमीरात (यूएई) में होना है। इस आईपीएल में गेल के पास टी20 फॉर्मैट में 1000 छक्कों का आंकड़ा छूने का मौका होगा।
आईपीएल में सर्वाधिक 326 छक्के लगाने वाले गेल ने टी20 क्रिकेट में अब तक 978 छक्के लगाये हैं और इस तरह से उन्हें 1000 का जादुई आंकड़ा छूने के लिये केवल 22 छक्कों की जरूरत है।
वेस्टइंडीज के इस बायें हाथ के बल्लेबाज ने 2013 में आरसीबी की तरफ से पुणे वारियर्स के खिलाफ नाबाद 175 रन की अपनी रिकार्ड पारी के दौरान 17 छक्के लगाये थे जो आईपीएल का रिकार्ड है।
आईपीएल में गेल के बाद सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों में एबी डिविलियर्स (212) और महेंद्र सिंह धोनी (209) शामिल हैं।