छिंदवाड़ाः मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने छिंदवाड़ा के आदिवासी बहुल क्षेत्र में 500 करोड़ रुपए से अधिक की विकास परियोजनाओं की एक श्रृंखला का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि छिंदवाड़ा की धरती इस बात की गवाह है, कि हमारी सरकार बनने के बाद लगातार एक के बाद एक काम हो रहे हैं। किसान भी पसीना बहाकर सूरज से आंख मिलाकर जान की बाजी लगाते हुए अन्न उपजाता है और मानवता के पेट भरने का काम करता है। सीमा पर जवान जान की बाजी लगाकर देश की रक्षा करता है। ऐसे में हमारे लिए किसान, महिला, युवा, गरीब सबके कल्याण के लिए काम होना चाहिए। उन्होंने कहा कि 350 करोड़ रुपए की पांढुर्णा और 500 करोड़ की सौगात छिंदवाड़ा को दे रहे हैं।

सीएम डॉ. यादव ने कहा कि हमारी सरकार अच्छे काम के लिए जानी जाती है। जो आप मांगोगे सबको सब देने की घोषणा करता हूं। उन्होंने कहा कि सरकार के पास पैसे की कोई कमी नहीं है। पूरे देश में तेज गति से अगर कोई राज्य विकास कर रहा है तो वह मध्यप्रदेश है। राज्य में बरोजगारी की दर भी बहुत कम है। विकास के लिए हमारा और आपका संकल्प चलता रहेगा।

कार्यक्रम में जनकल्याण संबल योजना के तहत 7000+ श्रमिकों को ₹157 करोड़ का वितरण किया गया। वहीं सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के हितग्राहियों को ₹463 करोड़ से अधिक की राशि का अन्तरण किया गया।