सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ जब मंगलवार को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स उतरेगी, तो उसकी नजरें अपनी खोई फॉर्म को दोबारा हासिल करने पर होंगी। तीन बार की विजेता सीएसके पिछले सात मैचों में सिर्फ दो मैच ही जीत पाई है।
आइपीएल में ऐसा कभी नहीं हुआ है कि चेन्नई खेली और प्लेऑफ में न पहुंची हो। उसके कप्तान महेंद्र सिंह धौनी हर बार टीम को शीर्ष-4 में ले जाते हैं, लेकिन इस बार यह काफी मुश्किल या यू कहें असंभव सा लग रहा है।
देखना होगा कि करिश्माई कप्तान धौनी यहां से क्या करिश्मा करते हैं। इसके लिए जरूरी है कि उसके बल्लेबाज चलें। धौनी ने भी पिछले मैच में माना था कि उनकी बल्लेबाजी में तमाम खामियां हैं, जिन पर काम करने की जरूरत है। क्या बदलाव, क्या सुधार धौनी और टीम प्रबंधन करता है यह देखना होगा। शेन वॉटसन और फाफ डुप्लेसिस के अलावा कोई और बल्लेबाज फॉर्म में नहीं हैं।
गेंदबाजी में टीम वैसे अच्छा कर रही है। उसके गेंदबाज विपक्षी टीमों को ज्यादा रन नहीं बनाने दे रहे हैं। शार्दुल ठाकुर को शुरुआती मैचों में मौका नहीं मिला था, लेकिन जब से उन्हें मौका मिला है वह अच्छा कर रहे हैं।
दीपक चाहर भी अच्छी लय में हैं। सैम कुर्रन की गेंदबाजी से भी धौनी खुश हैं। स्पिन में जडेजा और कर्ण शर्मा हैं। चेन्नई को हैदराबाद के खिलाफ अपनी बल्लेबाजी पर ज्यादा ध्यान देना होगा क्योंकि हैदराबाद का गेंदबाजी आक्रमण शानदार है।
टी. नटराजन, खलील अहमद ने भुवनेश्वर कुमार की कमी को ज्यादा खलने नहीं दिया है। स्पिन में टीम के पास राशिद खान जैसा हथियार है। हालांकि रविवार को ही हैदराबाद को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।