बुरहानपुर में भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव बड़े धूम धाम से मनाया जा रहा है। शहर आज सुबह से ही भक्ति और आस्था के रंग में पूरी तरह रंगा नजर आया। राम जन्मोत्सव और भगवान स्वामीनारायण जन्मोत्सव के पावन अवसर पर जिलेभर के मंदिरों में विशेष धार्मिक आयोजन किए गए। सुबह की पहली किरण के साथ ही श्रद्धालु मंदिरों में उमड़ पड़े और पूजा-अर्चना कर अपने आराध्य के प्रति श्रद्धा अर्पित की।
सिलमपुरा स्थित प्राचीन स्वामीनारायण मंदिर इस दौरान विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, जहां भव्य प्रभात फेरी निकाली गई। भक्ति गीतों, ढोल-नगाड़ों और जयकारों के साथ निकली इस प्रभात फेरी ने पूरे नगर का भ्रमण किया, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जहां भगवान श्रीराम और स्वामीनारायण के जन्मोत्सव को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। मंदिरों को आकर्षक रूप से सजाया गया, जिसने इस आयोजन की भव्यता को और भी बढ़ा दिया।
इस अवसर पर बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी में अपार उत्साह देखने को मिला। स्वामीनारायण मंदिर के शास्त्री स्वामी चिन्तनप्रियदासजी ने बताया कि ऐसे आयोजन समाज में धर्म, एकता और संस्कारों का संदेश देते हैं और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी इस आस्था का प्रमाण है।