टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने रविवार को वनडे क्रिकेट में एक और उपलब्धि अपने नाम कर ली है। टॉस के बाद विराट जैसे ही मैदान पर खेलने के लिए उतरे तो यह उनका भारत के लिए 250वां वनडे मैच है। यह उपलब्धि हासिल करने वाले वह 8वें भारतीय खिलाड़ी हैं।
सर्वाधिक वनडे खेलने वाले खिलाड़ियों की अगर बात करें तो इस लिस्ट में महान भारतीय बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर पहले पायदान पर हैं। उन्होंने दुनिया में सर्वाधिक वनडे मैच खेलने कीर्तिमान अपने नाम किया है। 23 साल के अपने वनडे करियर में उन्होंने 463 एकदिवसीय मैच खेले। भारतीय खिलाड़ियों में सचिन के बाद एमएस धोनी और फिर राहुल द्रविड़ का नाम आता है।
कप्तान विराट कोहली के वनडे क्रिकेट में अभी तक 11,888 रन हैं। उनका बल्लेबाजी औसत 59.14 का है। कोहली के नाम 43 शतक हैं और वनडे में सबसे ज्यादा सेंचुरी के मामले में भी वह सचिन तेंदुलकर (49) के बाद दूसरे पायदान पर हैं।
विराट कोहली अपने पिछले वनडे मैच में सिर्फ 21 रन बनाकर आउट हए थे। भारतीय टीम को इस मैच में 66 रन की करारी हार का सामना करना पड़ा था।