भोपालः मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की घोषणाओं पर आज कैबिनेट की मुहर लग गई है। कैबिनेट बैठक में कर्मचारियों, पेंशनर्स और कई महत्वपूर्ण योजनाओं को लेकर बड़े फैसले लिए गए।

राज्य सरकार ने कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 3 प्रतिशत की वृद्धि को मंजूरी दी है, जिसके बाद अब महंगाई भत्ता 58 प्रतिशत हो गया है। यह बढ़ोतरी 1 जुलाई 2025 से लागू होगी।वहीं पेंशनर्स को भी राहत देते हुए 1 जनवरी 2025 से महंगाई राहत में 3 प्रतिशत बढ़ोतरी का फैसला लिया गया है। साथ ही 1 जनवरी 2025 से 31 मार्च 2026 तक की एरियर राशि एकमुश्त देने का निर्णय लिया गया है।

कैबिनेट में स्टेट एआई मिशन शुरू करने को भी मंजूरी मिली है। इसके अलावा महाना माइक्रो सिंचाई परियोजना को स्वीकृति दी गई है, जिससे 8 गांवों को सिंचाई सुविधा मिलेगी। दिव्यांग संस्थाओं में कार्यरत अतिथि शिक्षकों का मानदेय दोगुना कर दिया गया है, जो अब 9 हजार से बढ़ाकर 18 हजार रुपये प्रतिमाह होगा। आंगनवाड़ी बच्चों के पूरक पोषण आहार की राशि भी बढ़ाई गई है, जिसे 8 रुपये से बढ़ाकर 12 रुपये प्रतिदिन कर दिया गया है।

इसके साथ ही ओबीसी वर्ग के युवाओं के लिए “शौर्य संकल्प प्रशिक्षण योजना” शुरू की जाएगी, जिसके तहत प्रदेश के 10 संभागों में प्रशिक्षण केंद्र स्थापित होंगे।