बुरहानपुर में गोगा नवमी के अवसर पर सोमवार को सांसद कार्यालय परिसर में धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन किया गया। वाल्मीकि समाज की ओर से पारंपरिक रूप से सजाई गई पवित्र छड़ी और धर्मध्वज के पहुंचने पर परिसर में भक्ति का माहौल बन गया। इस दौरान वीर गोगादेव महाराज के जयकारों और भजनों से पूरा परिसर गूंजता रहा।
खंडवा लोकसभा सांसद ज्ञानेश्वर पाटील, उनकी पत्नी एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जयश्री ज्ञानेश्वर पाटील, नेपानगर विधायक मंजू दादू और महापौर माधुरी अतुल पटेल ने छड़ी एवं धर्मध्वज का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। भाजपा युवा नेता गजेंद्र पाटील की सहभागिता और सहयोग से कार्यक्रम संपन्न हुआ।
वाल्मीकि समाज की वर्षों पुरानी परंपरा के अनुसार छड़ी और धर्मध्वज की स्थापना के बाद करीब सवा महीने तक श्रद्धालुओं द्वारा नियमित पूजा-अर्चना की जाती है। इस दौरान भजन-कीर्तन सहित विभिन्न धार्मिक गतिविधियां आयोजित की जाती हैं।
कार्यक्रम के दौरान समाज के उस्तादों और भगत जी का जनप्रतिनिधियों ने शॉल और श्रीफल भेंट कर पारंपरिक सम्मान किया। इसके साथ ही समाज की ओर से विधायक मंजू दादू और महापौर माधुरी अतुल पटेल का भी स्वागत किया गया।
सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने वीर गोगादेव महाराज को साहस, सेवा और सामाजिक एकता का प्रतीक बताते हुए उनके आदर्शों को याद किया। विधायक मंजू दादू ने कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज में भाईचारे और आपसी सद्भाव को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
आयोजन के दौरान पारंपरिक वाद्ययंत्रों, ढोल-ताशों और भजनों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। बड़ी संख्या में समाजजन और श्रद्धालु कार्यक्रम में शामिल हुए। आयोजन ने धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक परंपराओं की झलक भी पेश की।