बुरहानपुर के ग्राम बहादरपुर की दिपांशी विनोद लोंढे ने अपना जन्मदिन खास और यादगार अंदाज में मनाया। इस अवसर पर उन्हें एक दिन के लिए गणपति थाना प्रभारी की भूमिका निभाने का अवसर मिला।
दिपांशी पुलिस वाहन में सवार होकर थाने पहुंचीं। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उनका स्वागत किया। थाना प्रभारी कमल पवार ने उन्हें सैल्यूट कर सम्मान दिया और थाना प्रभारी की कुर्सी पर बैठाया।
थाना प्रभारी की भूमिका में दिपांशी ने अपने अंदाज में कहा कि उनके क्षेत्र में चोरी और गुंडागर्दी जैसी घटनाओं के लिए कोई जगह नहीं होगी। उनकी बात सुनकर वहां मौजूद पुलिसकर्मियों के चेहरे पर मुस्कान देखने को मिली।
थाना प्रभारी कमल पवार ने दिपांशी को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि दिपांशी आगे चलकर पुलिस सेवा में शामिल होकर अपने माता-पिता और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगी। थाने के अन्य पुलिसकर्मियों ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं।
दिपांशी के लिए यह अनुभव जन्मदिन के साथ-साथ पुलिस सेवा को करीब से समझने का अवसर भी रहा। एक दिन की थाना प्रभारी बनकर उन्होंने न केवल अपना जन्मदिन यादगार बनाया, बल्कि पुलिस बनने की दिशा में अपने सपने को भी एक खास अनुभव से जोड़ा।