रिपोर्ट: सत्यम दुबे
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के यार्कर स्पेशलिस्ट जसप्रीत बुमराह ने इंग्लैंड के खिलाफ चेन्नई के चेपक मैदान पर जैसे ही कदम रखा, उन्होने एक खास उपलब्धि अपने नाम कर ली। दरअसल, बुमराह ने चेन्नई के चेपक में कदम रखते ही जवागल श्रीनाथ और सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ दिया है। बुमराह ने 17 टेस्ट मैच विदेशी सरजमीं पर खेलने के बाद भारत में अपना पहला टेस्ट मैच खेलने उतरे है।
आपको बता दें कि जवागल श्रीनाथ ने विदेश में 12 टेस्ट खेलने के बाद भारत में अपना पहला टेस्ट खेला था। श्रीनाथ के बाद पूर्व तेज गेंदबाज आरपी सिंह का नंबर आता है, जिन्होंने 11 टेस्ट के बाद भारत में कोई टेस्ट खेला था। वहीं चौथे नंबर पर महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का नाम आता है।
जसप्रीत बुमराह को दुनिया के सबसे बेहतरीन गेंदबाजों में गिना जाता है। टेस्ट क्रिकेट की बात करें तो बुमराह का प्रदर्शन शानदार रहा है। बुमराह ने इस 17 टेस्ट मैचों मे 47.94 के स्ट्राइक रेट से 21.59 की औसत से 79 विकेट अपने नाम किए हैं। जसप्रीत बुमराह ने टेस्ट में साल 2018 में डेब्यू किया था। उसके तीन साल बाद ये पहला मौका है जब बुमराह भारत में कोई टेस्ट मैच खेलेंगे।